Sonbhadra news : प्रशासन की कार्रवाई, नाली निर्माण में बाधा बने अतिक्रमण हटाए गए
नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या 15 स्थित ओम चौराहे पर नाली निर्माण कार्य से जुड़ा विवाद प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद समाप्त हो गया।

sonbhadra
9:35 PM, June 17, 2026
घनश्याम पांडेय (संवाददाता)
ओबरा (सोनभद्र)। ओबरा नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या 15 स्थित ओम चौराहे पर नाली निर्माण कार्य से जुड़ा विवाद प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद समाप्त हो गया। बुधवार को राजस्व विभाग, नगर पंचायत और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान नाली निर्माण क्षेत्र में आ रहे कुछ मकानों के हिस्से, बाउंड्रीवाल तथा दुकानों को हटाया गया। मौके पर नायब तहसीलदार रजनीश यादव, लेखपाल अमित कुमार सिंह, नगर पंचायत कर्मचारी और ओबरा थाना पुलिस मौजूद रही।
स्थानीय निवासियों का कहना था कि नाली निर्माण कार्य के दौरान उनकी संपत्तियां प्रभावित हो रही थीं, जिसके संबंध में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायत भी दी थी। शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने मामले की जांच कर आवश्यक कदम उठाए।
नगर पंचायत की ओर से पूर्व में संबंधित लोगों को अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस जारी किए गए थे। निर्धारित समय के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर प्रशासन ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अवरोधों को हटवा दिया।
अधिकारियों के अनुसार, अतिक्रमण हटने के बाद नाली निर्माण कार्य में आ रही बाधाएं दूर हो गई हैं और अब परियोजना को आगे बढ़ाया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक सुविधाओं एवं विकास कार्यों में बाधा बनने वाले अतिक्रमणों के विरुद्ध नियमों के तहत कार्रवाई जारी रहेगी तथा विकास योजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा कराया जाएगा।




