Sonbhadra news : अपर जिलाधिकारी ने तीन मनोनीत सभासदों को दिलाई शपथ
डाला नगर पंचायत में शासन द्वारा मनोनीत तीन सभासदों का शपथ ग्रहण समारोह रविवार को आयोजित किया गया।

sonbhadra
7:41 PM, May 4, 2026
एम शर्मा (संवाददाता)
डाला (सोनभद्र)। डाला नगर पंचायत में शासन द्वारा मनोनीत तीन सभासदों का शपथ ग्रहण समारोह रविवार को आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सदर विधायक भूपेश चौबे मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि नगर पंचायत में पहले से 10 सभासद थे और अब तीन मनोनीत सभासदों के शामिल होने से कुल संख्या 13 हो गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी जनप्रतिनिधि मिलकर नगर के विकास को नई दिशा देंगे और सरकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि वृद्धा पेंशन, शहरी आवास जैसी योजनाओं का लाभ किसी भी पात्र व्यक्ति से वंचित नहीं रहना चाहिए और इसके लिए सभासदों को सदन में सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी प्रदीप कुमार यादव ने संतोष कुमार (बबलू), मुकेश जैन और चंद्रावती गोंड को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद नवमनोनीत सभासदों का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया।
नगर पंचायत अध्यक्ष फुलवंती गोंड ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी मनोनीत सभासद नगरवासियों की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे और विकास कार्यों में सक्रिय योगदान देंगे।
कार्यक्रम का संचालन धीरेंद्र प्रताप सिंह ने किया। इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी अखिलेश कुमार सिंह, मंडल अध्यक्ष संदीप सिंह पटेल, पूर्व मंडल अध्यक्ष दीपक दुबे सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।




