Sonbhadra News : फार्मर रजिस्ट्री कैम्प से गायब मिली लेखपाल, डीएम ने जारी कराया नोटिस
जनपद में चल रहे फार्मर रजिस्ट्री विशेष अभियान के दौरान लापरवाही सामने आने पर जिलाधिकारी बी0एन0 सिंह ने कड़ा रुख अपनाया है। ग्राम पंचायत परही में आयोजित फार्मर रजिस्ट्री कैम्प के निरीक्षण के दौरान.....

sonbhadra
5:46 PM, April 8, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जनपद में चल रहे फार्मर रजिस्ट्री विशेष अभियान के दौरान लापरवाही सामने आने पर जिलाधिकारी बी0एन0 सिंह ने कड़ा रुख अपनाया है। ग्राम पंचायत परही में आयोजित फार्मर रजिस्ट्री कैम्प के निरीक्षण के दौरान लेखपाल कंचन मौर्या के अनुपस्थित पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संज्ञान लेते हुए उन्हें नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि फार्मर रजिस्ट्री कैम्प में यदि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी अनुपस्थित पाया जाता है तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, क्योंकि यह शासन की शीर्ष प्राथमिकता वाली योजना है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।
जिलाधिकारी बी0एन0 सिंह ने बताया कि "मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में जनपद की ग्राम पंचायतों में किसानों की फार्मर रजिस्ट्री बनाए जाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान 6 अप्रैल से शुरू होकर 15 अप्रैल 2026 तक नामित ग्राम पंचायत सचिवालयों में आयोजित विशेष शिविरों के माध्यम से संचालित किया जा रहा है। इन शिविरों में कृषि विभाग के प्राविधिक सहायक, एटीएम और बीटीएम, राजस्व विभाग के क्षेत्रीय लेखपाल तथा पंचायती राज विभाग के पंचायत सहायक और पंचायत सचिव की संयुक्त टीम मिशन मोड में कार्य करते हुए शेष किसानों की फार्मर रजिस्ट्री तैयार कर रही है।"
उन्होंने बताया कि संबंधित ग्राम प्रधान और कोटेदार द्वारा भी अवशेष किसानों को प्राथमिकता के आधार पर ग्राम सचिवालय में उपस्थित कर फार्मर रजिस्ट्री कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। जिन किसानों की खतौनी में नाम आधार से मेल नहीं खाने या आदेश कॉलम में दर्ज होने के कारण फार्मर रजिस्ट्री नहीं बन पा रही है, उनके अभिलेख क्षेत्रीय लेखपाल द्वारा प्राप्त कर नाम संशोधन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
जिलाधिकारी ने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री को कृषि क्षेत्र में एकीकृत लाभ वितरण प्रणाली के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे किसानों को विभिन्न योजनाओं का लाभ सुगमता से मिल सके। इसके माध्यम से किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, फसली ऋण, गुणवत्ता युक्त बीज और उर्वरक, न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसल विक्रय सहित अन्य योजनाओं का लाभ निर्बाध रूप से प्राप्त कर सकेंगे।
उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि जिन किसानों की फार्मर रजिस्ट्री अभी तक नहीं बनी है, वे जल्द से जल्द ग्राम पंचायतों में आयोजित विशेष शिविरों में पहुंचकर अपनी रजिस्ट्री कराएं। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि फार्मर रजिस्ट्री न कराने पर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की अगली किस्त अवरुद्ध हो सकती है, इसलिए सभी किसान इस प्रक्रिया को समय रहते पूरा कर लें।




