ज्ञापन के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने बताया कि झारखंड प्रांत की सीमा सटे क्षेत्र में भारतीय इंटर कॉलेज संचालित है। पिछड़ा एवं आदिवासी बहुल क्षेत्र का यह इकलौता अर्द्ध-वित्तपोषित इंटरमीडिएट काॅलेज है। बताया कि कभी यहां दो हजार से अधिक छात्र-छात्राएं अध्ययन करते थे। पिछले 12 वर्षों में प्रबंध समिति की निष्क्रियता, प्रशासनिक उदासीनता और जर्जर भवन के कारण छात्रों की संख्या घटकर लगभग एक हजार रह गई है। शिक्षकों की भारी कमी के बावजूद अंग्रेजी के एकमात्र शिक्षक दिनेश मणि त्रिपाठी और गणित के शिक्षक चंदन प्रजापति का स्थानांतरण कर दिया गया। इससे पठन पाठन बाधित हो गया है। ज्ञापन में प्रधानाचार्य, शिक्षकों और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के सभी रिक्त पदों पर नियमित भर्ती, नए भवन का निर्माण, विद्यालय परिसर की भूमि एवं खेल मैदान के संरक्षण और जामपानी स्थित विद्यालय भूमि को कब्जामुक्त कराने की मांग की गई है।