Sonbhadra News : शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती पर आप का विशाल रक्तदान शिविर आयोजित
आज़ादी के दीवानों ने देश को मुक्त कराने के लिए अपना खून बहाया था, और आज हमारा कर्तव्य है कि हम अपने देशवासियों की जान बचाने के लिए अपना खून दें।

sonbhadra
1:57 PM, September 27, 2026
प्रकाश खत्री (संवाददाता)
सोनभद्र । शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती के अवसर पर आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश के प्रभारी व राज्यसभा सांसद संजय सिंह के आह्वान पर रविवार को पूरे प्रदेश के सभी जिलों में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसी क्रम में आम आदमी पार्टी सोनभद्र के तत्वावधान में भव्य रक्तदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभ्युदय युवा मोर्चा के कार्यकर्ता साथी आम आदमी पार्टी के साथ रक्तदान किया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष रमेश गौतम ने रक्तदान शिविर का उद्घाटन करते हुए कहा कि शहीद-ए-आजम भगत सिंह ने इस देश की आज़ादी और स्वाभिमान के लिए हंसते-हंसते अपने प्राणों की आहुति दे दी थी। आज़ादी के दीवानों ने देश को मुक्त कराने के लिए अपना खून बहाया था, और आज हमारा कर्तव्य है कि हम अपने देशवासियों की जान बचाने के लिए अपना खून दें।
संयुक्त जिला महासचिव जशवंत मौर्य ने कहा कि अस्पतालों में अक्सर गरीब और असहाय परिवारों को समय पर रक्त न मिलने के कारण भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। कई बार दुर्घटनाओं और गंभीर बीमारियों में रक्त के अभाव से मासूम ज़िंदगियां खत्म हो जाती हैं। ऐसे समय में आपका दिया हुआ एक कतरा रक्त किसी की जिंदगी बचा सकता है और एक पूरे परिवार को उजड़ने से रोक सकता है।
अरुण सिंह जिला सचिव ने कहा कि रक्तदान जैसे पुनीत कार्य में भाग लेना ही इंकलाब के उन पावन विचारों को आगे बढ़ाना है।
जिला सचिव घमड़ी सिंह ने बताया कि राज्यसभा सांसद संजय सिंह के एक आह्वान पर आज उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में पार्टी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर यह विशाल अभियान चलाया है।
इस अवसर पर नीरज पांडे, राजकुमार मौर्या, शैलेन्द्र मौर्या, राजेंद्र मौर्या,समीर खान, राहुल मौर्या जिलाध्यक्ष पिछड़ा प्रकोष्ठ, सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




