Sonbhadra News : संविधान दिवस पर राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ओबरा में संगोष्ठी एवं जागरूकता रैली का आयोजन
उन्होंने कहा कि संविधान देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है। प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने संवैधानिक कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहना चाहिए।

sonbhadra
7:01 PM, November 26, 2026
घनश्याम पांडेय (संवाददाता)
ओबरा (सोनभद्र) । राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, ओबरा में गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर संगोष्ठी एवं जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन निर्धारित विषय "हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान" तथा "अपने अधिकार" की थीम पर किया गया। संगोष्ठी में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. प्रमोद कुमार ने भारतीय संविधान की महत्ता, नागरिकों के मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों तथा लोकतांत्रिक मूल्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संविधान देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है। प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने संवैधानिक कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहना चाहिए।
इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर से जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसमें महाविद्यालय के एनसीसी कैडेट्स एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। रैली के माध्यम से आमजन को संविधान के प्रति जागरूक करने तथा संवैधानिक अधिकारों एवं कर्तव्यों का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. प्रमोद कुमार सहित समस्त प्राध्यापकगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में संवैधानिक चेतना, नागरिक जिम्मेदारी एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा।




