Sonbhadra news : बालू के अवैध खनन व परिवहन करते एक ट्रैक्टर धराया,मुकदमा दर्ज
वन रेंज के बैरखड बीट के कूदरी गांव के समीप कनहर नदी से शुक्रवार को अलसुबह अवैध रूप से बालू खनन कर परिवहन करते ट्रैक्टर ट्राली को वन विभाग की टीम ने दबोच लिया ।

sonbhadra
5:02 PM, September 18, 2026
धर्मेन्द्र गुप्ता (संवाददाता)
विंढमगंज ( सोनभद्र)। वन रेंज के बैरखड बीट के कूदरी गांव के समीप कनहर नदी से शुक्रवार को अलसुबह अवैध रूप से बालू खनन कर परिवहन करते ट्रैक्टर ट्राली को वन विभाग की टीम ने दबोच लिया जो ट्रैक्टर आशीफ पुत्र अनवर का बताया जा रहा है।
खनन कर्ताओ ने वन विभाग टीम की आहट मिलते ही नदी से बालू लादकर निकल रहे कई ट्रैक्टर ट्राली को अंडर ग्राउंड कर लिया और वन विभाग के टीम को जाने का इंतजार करता रहा।
पकड़े गए ट्रैक्टर ट्राली को वन विभाग ने रेंज ऑफिस ले आई और अग्रिम कारवाई में जुट गई । भारतीय वन अधिनियम-1927 की धारा-41/42 एवं 69 के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत कर दिया।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इन दिनों क्षेत्र के पकरी हरपुरा पतरीहा डुमरा फुलवार जोरूखड़ सहित दर्जनों गांवों के कनहर और मलिया नदी में प्रतिदिन बड़ी संख्या में ट्रैक्टरों के माध्यम से अवैध रूप से बालू का खनन एवं परिवहन किया जा रहा है। खनन के बाद बालू को क्षेत्र में ऊंचे दामों पर बेचे जाने की बात भी सामने आ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि अवैध खनन से नदी के प्राकृतिक स्वरूप के नुकसान के साथ साथ राजस्व की भारी क्षति हो रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन एवं संबंधित विभागों से अवैध खनन और परिवहन पर प्रभावी रोक थाम लगाने तथा इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
विंढमगंज वन क्षेत्राधिकारी रत्नेश यादव ने बताया कि शुक्रवार की सुबह गस्त के दौरान अवैध खनन कर परिवहन करते एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा गया है। वाहन को कब्जा में लेते हुए वन अधिनियम के सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर दिया गया है।




