Shahjahanpur news : चौकीदार पर पूर्व प्रधान से मारपीट का आरोप, पुलिस पर जबरन समझौता कराने का दावा
गढ़िया सरेली के पूर्व प्रधान बाबूराम ने खुटार थाने में तैनात एक चौकीदार पर सरेआम मारपीट करने और पुलिस पर दबाव बनाकर राजीनामा कराने का आरोप लगाया है।

AI जेनरेटेड फोटो
shahjahanpur
9:22 PM, November 15, 2026
राहुल शुक्ला ब्यूरो
खुटार, शाहजहांपुर। क्षेत्र के गांव गढ़िया सरेली के पूर्व प्रधान बाबूराम ने खुटार थाने में तैनात एक चौकीदार पर सरेआम मारपीट करने और पुलिस पर दबाव बनाकर राजीनामा कराने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत करने की बात कही है।
पूर्व प्रधान के मुताबिक, वह खुटार तिकुनिया स्थित एक दुकान पर बाल बनवाने गए थे। वहां खुटार थाने में तैनात एक परिचित सिपाही से हंसी-मजाक के दौरान नगर खुटार निवासी चौकीदार ने उन पर ताबड़तोड़ थप्पड़ बरसा दिए। विरोध करने पर चौकीदार ने थाने की सरकारी गाड़ी चलाने का रौब दिखाते हुए धमकी दी कि उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।
आरोप है कि घटना के बाद थाने में शिकायत देने पर पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय मुकदमा दर्ज करने की धमकी दी और दबाव बनाकर राजीनामा करा दिया। पूर्व प्रधान का दावा है कि संबंधित चौकीदार पर खुटार पुलिस की विशेष मेहरबानी रहती है।
पीड़ित बाबूराम ने बताया कि अब वह पूरे मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से कर न्याय की गुहार लगाएंगे।




