Sonbhadra News : दूसरे दिन कुल 1303 अभ्यर्थियों ने छोड़ी पुलिस भर्ती परीक्षा
जिले में दूसरे दिन भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सभी छह परीक्षा केंद्रों पर पुलिस भर्ती परीक्षा सम्पन्न हो गया। इस दौरान दोनों पालियों में पंजीकृत कुल 4320 अभ्यर्थियों में से 2977 अभ्यर्थियों ने....

sonbhadra
10:39 PM, August 24, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जिले में दूसरे दिन भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सभी छह परीक्षा केंद्रों पर पुलिस भर्ती परीक्षा सम्पन्न हो गया। इस दौरान दोनों पालियों में पंजीकृत कुल 4320 अभ्यर्थियों में से 2977 अभ्यर्थियों ने ही परीक्षा दी जबकि 1303 अभ्यर्थी गैरहाजिर पाए गए। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए जहाँ सभी केंद्रों पर जहां कडे प्रबंध बनाए रखे गए। वहीं, डीएम बद्रीनाथ सिंह और एसपी डॉ0 यशवीर सिंह पुलिस लाइन स्थित सीसी टीवी कंट्रोल रूम के जरिए परीक्षा केंद्रों पर नजर रखे हुए थे।
राजकीय बालिका इंटर कालेज राबटर्सगंज में दोनों पालियों में पंजीकृत 384-384 अभ्यर्थियों में से क्रमशः 260 व 262 परीक्षार्थी, आदर्श इंटर कालेज राबटर्सगंज में दोनों पालियों में पंजीकृत 432-432 अभ्यर्थियों के मुकाबले क्रमशः 317, 328 अभ्यर्थी, राजा शारदा महेश इंटर कालेज राबटर्सगंज में दोनों पालियों में पंजीकृत 480-480 अभ्यर्थियों में क्रमशः 323 और 346 अभ्यर्थी ही उपस्थित रहे। वहीं श्री चंद्रगुप्त मौर्य इंटर कालेज मधुपुर में दोनों पालियों पंजीकृत 480-480 अभ्यर्थियों में क्रमशः 324, 345 अभ्यर्थी ही परीक्षा देने पहुंचे। राजकीय महिला महाविद्यालय छपका में पंजीकृत 144-144 अभ्यर्थियों के मुकाबले पहली पाली में 108, दूसरी पाली में 91 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी जबकि राजकीय पालिटेक्निक कॉलेज लोढ़ी में पंजीकृत 240-240 अभ्यर्थियों के मुकाबले क्रमशः 155 और 158 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।
बताते चलें कि पुलिस भर्ती परीक्षा कुल पांच तिथियों में ली जानी है। 23 और 24 अगस्त की परीक्षा संपन्न हो चुकी है अब 25 अगस्त, 30 अगस्त और 31 अगस्त को उपरोक्त छहों केंद्रों पर पुलिस भर्ती परीक्षा ली जाएगी। दो पालियों ली जाने वाली परीक्षा में प्रत्येक पाली में 2160 अभ्यर्थियों पंजीकृत है। परीक्षा की शुचिता कहीं से प्रभावित न होने पाए, इसके लिए परीक्षा केंद्र, डबल लॉक रूम, होटलों-लॉजों पर कड़ी निगरानी बनाए रखने के साथ ही, परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्र के इर्द-गिर्द आवागमन करने वाले लोगों की गतिविधियों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है। अभिसूचना इकाईयाँ भी अपने तरीके से हालात पर नजर गड़ाए हुए हैं।




