Sonbhadra News : राबर्ट्सगंज विधानसभा को ₹2.93 करोड़ की विकास सौगात, सदर विधायक ने 10 परियोजनाओं का किया शिलान्यास
राबर्ट्सगंज विधानसभा क्षेत्र के नगरीय इलाकों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए विधायक भूपेश चौबे ने मुख्यमंत्री अल्पविकसित शहरी विकास योजना के अंतर्गत करीब 2.93......

10 परियोजनाओं का शिलान्यास करते सदर विधायक भूपेश चौबे.......
sonbhadra
7:23 PM, July 10, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• रोड, इंटरलॉकिंग और नाली निर्माण से बेहतर होगी आवागमन व जल निकासी व्यवस्था
सोनभद्र । राबर्ट्सगंज विधानसभा क्षेत्र के नगरीय इलाकों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए विधायक भूपेश चौबे ने मुख्यमंत्री अल्पविकसित शहरी विकास योजना के अंतर्गत करीब 2.93 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 10 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं के पूरा होने से स्थानीय नागरिकों को बेहतर सड़क और जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
डूडा विभाग के माध्यम से स्वीकृत इन परियोजनाओं में राबर्ट्सगंज नगर पालिका परिषद में पांच, चुर्क नगर पंचायत में तीन तथा डाला नगर पंचायत में दो कार्य शामिल हैं। सभी कार्यों पर कुल 2 करोड़ 93 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। परियोजनाओं में मुख्य रूप से सीसी रोड, इंटरलॉकिंग सड़क और नाली निर्माण कराया जाएगा।
शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि राबर्ट्सगंज की जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें अपना प्रतिनिधि चुना है, उस विश्वास पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए वह निरंतर प्रयासरत हैं और आगे भी विकास कार्यों की गति इसी तरह जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। इसी क्रम में राबर्ट्सगंज विधानसभा क्षेत्र भी लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और जनता के सहयोग एवं आशीर्वाद से यह विकास यात्रा भविष्य में भी जारी रहेगी।
कार्यक्रम के दौरान वार्ड नं0-1 की महिलाओं एवं बच्चों ने विधायक का स्वागत और अभिनंदन किया। इस अवसर पर स्थानीय नागरिक, सभासद, पत्रकार, डूडा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।




