Sonbhadra news : व्यापारियों के साथ पूर्व चेयरमैन के आवास पर एक बैठक की गई आयोजित
घोरावल कस्बे में शुक्रवार रात पूर्व चेयरमैन राजेश कुमार के आवास पर व्यापारियों की एक बैठक आयोजित हुई

sonbhadra
5:48 PM, September 20, 2025
राजकुमार गुप्ता (संवाददाता)
घोरावल। घोरावल कस्बे में शुक्रवार रात पूर्व चेयरमैन राजेश कुमार के आवास पर व्यापारियों की एक बैठक आयोजित हुई। बैठक में मौजूद विधायक डॉ अनिल कुमार मौर्या के समक्ष व्यापारियों ने नगर से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। विधायक ने सभी समस्याओं के शीघ्र समाधान की दिशा में काम करने की बात कही और बताया कि नगर पंचायत में सड़को के लिए 2 करोड़ रुपए का प्रस्ताव दिया गया है।
व्यापारियों ने बिजली, रोडवेज और सड़क के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि लंबे समय से घोरावल बिजली आपूर्ति की दुर्दशा से त्रस्त है। इसके समाधान के लिए केवली फीडर को गुरुदेव नगर पॉवर हाउस से जोड़ा जाए। घोरावल में रोडवेज बस स्टेशन का काम शीघ्र पूरा कर पर्याप्त मात्रा में मिर्जापुर, वाराणसी, प्रयागराज के लिए सरकारी बसों का संचालन किया जाए। घोरावल नगर पंचायत की खराब सड़कों का निर्माण कराया जाए और सड़कों के किनारे प्रकाश की व्यवस्था की जाए।
विधायक ने बताया कि सड़कों के निर्माण और प्रकाश की व्यवस्था के लिए पं दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना हेतु सन 2025 - 26 में नगर विकास/शहरी समग्र विकास और उर्जा/अतिरिक्त उर्जा श्रोत विभाग को 2 करोड़ रुपए का प्रस्ताव दिया गया है, जो प्रक्रिया में है। इसके तहत मंडी मेट से रोडवेज उत्तरी गेट तक सीसी रोड चौड़ीकरण किया जाएगा, जो रोडवेज बस स्टेशन के संचालन में सहायक होगा। इसके साथ ही खुटहां रोड से धनहवा तालाब तक कवर्ड पक्की नाली, सीसी रोड लगभग 700 मीटर, धर्मशाला में सुंदरीकरण समेत 10 स्थानों पर दो करोड़ रुपए की लागत से सीसी रोड का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि केवली फीडर को गुरुदेव नगर से जोड़ने के लिए भी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और शीघ्र ही घोरावल नगर के लोगों को बिजली की समस्या से निजात मिलेगा।
इस मौके पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख मधुसूदन सिंह, पूर्व चेयरमैन राजेश कुमार, प्रकाशचंद्र अग्रहरि, प्रभारी निरीक्षक शिवप्रताप वर्मा, कृष्णकुमार उमर, आनंद पटेल, राजीव कुमार, रविंद्र उमर, अशोक उमर, बाबूलाल शर्मा, प्रयागदास, शनिशंकर इत्यादि मौजूद रहे।




