Sonbhadra News : शॉर्ट सर्किट से घर में लगी भीषण आग, गृहस्थी जलकर राख
जुगैल टोला सेमरा में शुक्रवार को बिजली के शॉर्ट सर्किट ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।

sonbhadra
7:24 PM, March 7, 2026
घनश्याम पांडे/विनीत शर्मा (संवाददाता)
चोपन (सोनभद्र) । जुगैल टोला सेमरा में शुक्रवार को बिजली के शॉर्ट सर्किट ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। यहाँ स्थित सदाब्रिज गुर्जर पुत्र किस्मत लाल गुर्जर के घर में सुबह करीब 10:00 बजे जैसे ही बिजली आई, तारों में हुए शॉर्ट सर्किट से उठी चिंगारी ने कपड़ों को अपनी चपेट में ले लिया।
देखते-देखते फैला तांडव
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि परिवार को संभलने का मौका तक नहीं मिला। पहले कपड़ों में लगी आग ने कुछ ही मिनटों में पूरे घर को घेर लिया। स्थानीय ग्रामीणों ने आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन लपटें इतनी विकराल थीं कि सब कुछ जलकर खाक हो गया।
हजारों का नुकसान
इस अग्निकांड में पीड़ित सदाब्रिज गुर्जर का भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मिली जानकारी के अनुसार घर में रखे नकदी (रुपए) और कीमती जेवरात पूरी तरह जल गए। इसके अलावा कपड़े, अनाज और दैनिक उपयोग का सारा सामान राख के ढेर में तब्दील हो गया। बताया जा रहा है कि घर की छत और दीवारें भी इस भीषण तपिश के कारण क्षतिग्रस्त हो गई हैं।




