Sonbhadra News : कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 1.89 हजार कापियों का मूल्यांकन करेंगे 898 परीक्षक
बुधवार से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कापियों का मूल्यांकन कार्य शुरू होगा। कापियों को जांचने के लिए दो मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं। दोनों केंद्रों पर सीसीटीवी की कैमरे की निगरानी में 898 परीक्षक..…

फाइल फोटो.....
sonbhadra
10:49 PM, March 17, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• 18 मार्च से दो केंद्रों पर शुरू होगा मूल्यांकन कार्य
सोनभद्र । बुधवार से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कापियों का मूल्यांकन कार्य शुरू होगा। कापियों को जांचने के लिए दो मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं। दोनों केंद्रों पर सीसीटीवी की कैमरे की निगरानी में 898 परीक्षक एक लाख 89 हजार 479 कापियों का मूल्यांकन करेंगे। सुबह दस से शाम पांचे बजे तक कापियों का मूल्यांकन होगा। इस अवधि में केंद्रों पर मोबाइल पूर्णतया प्रतिबंधित रहेगा।
वॉयस रिकॉर्डर युक्त सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होगा मूल्यांकन कार्य -
परीक्षा के दौरान नकल रोकने के लिए की गई सख्त व्यवस्था का असर यह रहा कि पूरे परीक्षा काल में एक भी परीक्षार्थी अनुचित साधन का प्रयोग करते हुए नहीं पाया गया। अब उसी तर्ज पर उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन भी पूरी पारदर्शिता के साथ कराने की तैयारी की गई है। जिले में राबर्ट्सगंज नगर स्थित राजा शारदा महेश इंटर कालेज व पीएमश्री राजकीय इंटर कालेज को यूपी बोर्ड के हाईस्कूल और इंटर की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए केंद्र बनाया गया है। मूल्यांकन कार्य वॉयस रिकॉर्डर युक्त सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में कराया जाएगा। इसकी कनेक्टिविटी जनपद तथा राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम से होगी। केंद्रों पर एक-एक पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कालेज राबर्ट्सगंज में 589 परीक्षक हाईस्कूल की 120266 कापियों का मूल्यांकन करेंगे। वहीं 309 परीक्षक राजा शारदा महेश इंटर कालेज में इंटर की 69213 कापियों का मूल्यांकन करेंगे।
एक दिन में हाईस्कूल की अधिकतम 50 व इंटरमीडिएट की 45 कॉपियां ही जाँच सकेंगे परीक्षक -
मूल्यांकन कार्य को पूरी पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ संपन्न कराने के लिए इस बार विशेष व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत एक परीक्षक पूरे दिन में अधिकतम 50 कॉपियां ही जांच सकेगा, जबकि इंटरमीडिएट में यह सीमा 45 उत्तर पुस्तिकाओं की तय की गई है। परीक्षकों को प्रति हाईस्कूल की कांपी जांचने पर 14 रूपये और इंटर की कांपी जांचने पर 15 रूपये देने के लिए निर्धारित किया गया है। परीक्षकों को एक अप्रैल तक सभी कापियों का मूल्यांकन कार्य संपन्न कर देना है। बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी से शुरू होकर 12 मार्च को समाप्त हुई थी।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच होगा मूल्यांकन कार्य -
डीआईओएस जयराम सिंह ने बताया कि "मूल्यांकन कराने की तैयारी पूर्ण कर ली गई है। पर्यवेक्षकों को मूल्यांकन में लगे डिप्टी हेड और परीक्षकों को किसी भी प्रकार की समस्याएं न होने पाएं, इसके लिए निर्देशित किया गया है। इसके अलावा कापियों के मूल्यांकन के लिए बनाए गए केंद्रों पर पुलिस की भी तैनाती की जाएगी। यूपी बोर्ड परीक्षा खत्म होने के बाद कापियों का मूल्यांकन बुधवार से शुरू हो जाएगा। पहले दिन 20-20 कापियां उप प्रधान परीक्षकों की तरफ से जांची जाएंगी। मूल्यांकन से एक घंटे पहले केंद्रों की प्रधानाचार्यो की तरफ से शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।"



