Sonbhadra News : बरसाती नाले के तेज बहाव में डूबा 8 वर्षीय मासूम, एक घंटे की मशक्कत के बाद शव बरामद
शाहगंज थाना क्षेत्र के बराक गांव में आज सुबह बरसाती पानी के तेज बहाव ने एक मासूम की जिंदगी निगल ली। सतही गांव निवासी 8 वर्षीय शिवम सोनकर पुत्र पिंटू सोनकर अज्ञात परिस्थितियों में बराक गांव स्थित.....

मौके पर जुटे अधिकारी और स्थानीय लोग.....
sonbhadra
10:23 PM, September 1, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । शाहगंज थाना क्षेत्र के बराक गांव में आज सुबह बरसाती पानी के तेज बहाव ने एक मासूम की जिंदगी निगल ली। सतही गांव निवासी 8 वर्षीय शिवम सोनकर पुत्र पिंटू सोनकर अज्ञात परिस्थितियों में बराक गांव स्थित चौड़े बरसाती नाले में तेज बहाव के बीच डूब गया। हादसे की खबर मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, बराक गांव में बरसात के कारण नाले में पानी तेज रफ्तार से बह रहा था। इसी दौरान शिवम किसी तरह नाले के तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गया। घटना की जानकारी होते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल तलाश शुरू की और प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद गोताखोरों को मौके पर बुलाया गया। करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद गोताखोरों ने मासूम शिवम का शव बरामद कर लिया। शव मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर लोढ़ी स्थित पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम सदर आशीष कुमार त्रिपाठी और सीओ घोरावल भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ ही पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली और हरसंभव प्रशासनिक सहायता का भरोसा दिलाया।
दैवीय आपदा में आएगा हादसा, आर्थिक सहायता की कार्यवाही शुरू -
एसडीएम सदर आशीष कुमार त्रिपाठी ने बताया कि "बराक गांव में बरसाती नाले के तेज बहाव में 8 वर्षीय बालक की डूबने से मृत्यु हुई है। प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा गोताखोरों की मदद से शव बरामद कर लिया गया। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया घटना दैवीय आपदा के अंतर्गत आती है और नियमानुसार पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की कार्यवाही की जा रही है।"




