Sonbhadra News : शिक्षक दिवस पर 68 शिक्षक हुए सम्मानित, डीएम बोले- शिक्षक ही गढ़ते हैं देश का भविष्य
शिक्षक सिर्फ पाठ्यक्रम पूरा करने वाले नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, संस्कार और भविष्य को आकार देने वाले राष्ट्रनिर्माता हैं। शिक्षक दिवस के अवसर पर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में........

प्रशस्ति पत्र के साथ शिक्षकगण.......
sonbhadra
4:57 PM, September 5, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । शिक्षक सिर्फ पाठ्यक्रम पूरा करने वाले नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, संस्कार और भविष्य को आकार देने वाले राष्ट्रनिर्माता हैं। शिक्षक दिवस के अवसर पर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 68 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इनमें माध्यमिक शिक्षा विभाग के 24 और बेसिक शिक्षा विभाग के 44 शिक्षक शामिल रहे।
भारत के महान दार्शनिक, शिक्षाविद एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ0 सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर आयोजित समारोह में शिक्षकों के योगदान और उनकी भूमिका को रेखांकित किया गया। अतिथियों ने सम्मानित शिक्षकों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की।
समारोह को संबोधित करते हुए समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़ ने कहा कि "शिक्षक समाज के मार्गदर्शक और राष्ट्र के भविष्य के निर्माता हैं। उनका दायित्व विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान देने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनमें संस्कार, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का सम्मान वास्तव में राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान का सम्मान है।"
सदर विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि "डॉ0 सर्वपल्ली राधाकृष्णन ने शिक्षा और शिक्षक की महत्ता को सर्वोच्च स्थान दिया। शिक्षक विद्यार्थियों को सही दिशा देकर उनके व्यक्तित्व का निर्माण करते हैं। उन्होंने शिक्षकों से अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।"
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि "शिक्षक देश के भविष्य को आकार देने वाले वास्तविक राष्ट्रनिर्माता हैं। विद्यालय में शिक्षक की भूमिका केवल पाठ्यक्रम पूरा कराने तक सीमित नहीं है। विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, संवेदनशीलता, रचनात्मक सोच और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी शिक्षक का महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने सम्मानित शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि उनका उत्कृष्ट कार्य दूसरे शिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।"
समारोह में माध्यमिक शिक्षा विभाग के 24 तथा बेसिक शिक्षा विभाग के 44 उत्कृष्ट शिक्षकों, कुल 68 शिक्षकों, को प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान प्रदान किया गया। इस दौरान शिक्षकों ने सम्मान को अपने लिए प्रेरणादायी बताते हुए शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए और बेहतर कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य संजीव त्रिपाठी, जिला पंचायत सदस्य मोहन कुशवाहा, सदर ब्लॉक प्रमुख अजीत रावत, जिला विद्यालय निरीक्षक जय राम सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण और शिक्षक मौजूद रहे।




