Sonbhadra News : पहले दिन हाईस्कूल व इंटर के 3096 छात्रों ने छोड़ी परीक्षा
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षाएं सोमवार से जिले के 77 केंद्रों पर शुरू हो गईं। पहले दिन हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 3096 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षाएं शांतिपूर्ण ढंग से..

sonbhadra
7:35 AM, February 25, 2025
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षाएं सोमवार से जिले के 77 केंद्रों पर शुरू हो गईं। पहले दिन हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 3096 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षाएं शांतिपूर्ण ढंग से हुईं।
बताते चलें कि नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए जिले को चार जोन और 12 सेक्टरों में विभाजित किया गया था। पहली पाली में हाईस्कूल की हिंदी परीक्षा हुई, जिसमें कुल 25,579 पंजीकृत छात्र-छात्राओं में से 23,458 ने परीक्षा दी, जबकि 2,121 अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली में इंटरमीडिएट की हिंदी परीक्षा में 19,720 में से 18,745 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 975 ने परीक्षा छोड़ दी।
भ्रमणशील रही सचल दल -
परीक्षा को नकलमुक्त और पारदर्शी बनाने के लिए सात सचल दलों की टीमें लगातार भ्रमण करती रहीं। परीक्षा केंद्रों की निगरानी कंट्रोल रूम से भी की गई साथ ही हर केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी। पहले दिन कहीं से भी नकल की कोई सूचना नहीं मिली।
छात्रों को हिंदी में नहीं हुई कोई परेशानी -
परीक्षा देकर निकले छात्रों ने बताया कि हाईस्कूल का हिंदी प्रश्नपत्र अपेक्षाकृत सरल था। इसमें सीधे और स्पष्ट प्रश्न पूछे गए, जिससे विद्यार्थियों को उत्तर देने में आसानी हुई। हालांकि, कुछ विद्यार्थियों ने प्रश्नों को हल करने में कठिनाई भी महसूस की।




