Sonbhadra news : जर्जर रेणुका नदी पुल बना बड़ा खतरा, सपा नेता ने की तत्काल मरम्मत की मांग
चोपन-भरहरी मार्ग पर स्थित रेणुका नदी का पुल इन दिनों काफी जर्जर हालत में है, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों में चिंता बढ़ गई है।

sonbhadra
5:51 PM, April 29, 2026
घनश्याम पांडेय/विनीत शर्मा (संवाददाता)
चोपन/सोनभद्र: ओबरा तहसील के चोपन-भरहरी मार्ग पर स्थित रेणुका नदी का पुल इन दिनों काफी जर्जर हालत में है, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों में चिंता बढ़ गई है। इस मुद्दे को लेकर अब जनप्रतिनिधियों ने भी आवाज उठानी शुरू कर दी है।
समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश सचिव प्रदीप कुमार यादव ने जिलाधिकारी सोनभद्र को पत्र देकर पुल की तत्काल मरम्मत की मांग की है। उन्होंने अपने पत्र में बताया कि पुल की स्थिति लंबे समय से खराब बनी हुई है और अब हालात बेहद चिंताजनक हो गए हैं। पुल के कई हिस्सों से लोहे की सरिया बाहर निकल आई है, जो आने-जाने वाले लोगों के लिए खतरा बन चुकी है।
इस मार्ग से रोजाना सैकड़ों वाहन गुजरते हैं, साथ ही बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं भी इसी रास्ते से स्कूल और कॉलेज जाते हैं। ऐसे में किसी भी समय गंभीर दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है।
इसके अलावा पुल के किनारों पर बालू जमा होने से रास्ता संकरा और फिसलन भरा हो गया है, जिससे आवागमन और मुश्किल हो गया है। बरसात के मौसम में स्थिति और खराब होने की संभावना है।
प्रदीप कुमार यादव ने प्रशासन से अपील की है कि जनहित को देखते हुए इस समस्या को प्राथमिकता दी जाए और जल्द से जल्द पुल की मरम्मत कराई जाए। स्थानीय ग्रामीणों ने भी इस मामले में चिंता जताते हुए प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यह पुल क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और इसकी अनदेखी लोगों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है।



