Sonbhadra News : CMO के औचक निरीक्षण में गायब मिले दो डॉक्टर सहित एक दर्जन कर्मचारी
सीएमओ डॉ0 अश्वनी कुमार ने आज सीएचसी म्योरपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान स्त्री रोग विशेषज्ञ, चीफ फार्मासिस्ट सहित 12 चिकित्सा कर्मी बगैर किसी सूचना के अनुपस्थित पाए गए।

sonbhadra
10:24 PM, August 3, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
मो0नं0 -7007444590
सोनभद्र । सीएमओ डॉ0 अश्वनी कुमार का स्वास्थ्यकर्मियों में भय नजर नहीं आ रहा है। जिले की बेपटरी हो चुकी स्वास्थ्य व्यवस्था क़ो सुधारने में लगे सीएमओ डॉ0 अश्वनी कुमार लगातार औचक निरीक्षण कर रहे हैं और इस दौरान लगातार डॉक्टरों और कर्मचारियों के बगैर सुचना के अनुपस्थित भी पाए जा रहे हैं जिनके विरुद्ध सीएमओ लगातार वेतन बाधित करने सहित अन्य कार्यवाही भी कर रहे हैं लेकिन बेलगाम हो चुके स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर और कर्मचारी सुधरने का नाम नहीं ले रहे।
आज मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 अश्वनी कुमार ने सीएचसी म्योरपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान स्त्री रोग विशेषज्ञ, चीफ फार्मासिस्ट सहित 12 चिकित्सा कर्मी बगैर किसी सूचना-अनुमति के नदारद पाए गए। संबंधितों का वेतन रोकने के साथ ही, स्पष्टीकरण तलब करने का निर्देश दिया गया। वहीं, योगदान दिवस के बाद से ही अनुपस्थित चल रहीं दो एएनएम की सेवा समाप्ति के लिए जिला कार्यक्रम प्रबंधक को निर्देश जारी किए गए।
लाख कोशिश के बाद भी जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था पटरी पर नहीं आ रही है। इसका अंदाजा सीएमओ के निरीक्षण में स्वास्थ्य कर्मियों के स्वास्थ्य केंद्रों से गायब होने से लगाया जा सकता है। आज मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 अश्वनी कुमार अचानक सीएचसी म्योरपुर आ धमके। वहाँ पहुँचते ही उन्होंने सबसे पहले उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया। जहाँ उन्होंने पाया कि बालरोग विशेषज्ञ डॉ0 संजीव कुमार अवकाश पर थे। वहीं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ0 निधि सिंह 22 जुलाई से और चीफ फार्मासिस्ट प्रेमचंद्र प्रसाद लंबे समय से अनुपस्थित चल रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश कार्यवाहक अधीक्षक डॉ0 अंकित राज सिंह को दिए गए, जबकि लैब टेक्नीशियन श्रीकिशुन शनिवार को बगैर किसी सूचना के नदारद मिले, उनका एक दिन का वेतन रोकने, स्पष्टीकरण तलब करने का निर्देश दिया गया। एआरओ उमाशंकर पांडेय दो दिन से अवकाश पर मिले, उनका स्थानांतरण पूर्व में सीएमओ कार्यालय के लिए किया जा चुका है। सीएमओ ने उन्हें तत्काल कार्यमुक्त करने के लिए निर्देशित किया।
ज्वाइनिंग के बाद से अनुपस्थित दो एएनएम की होगी सेवा समाप्त -
सीएमओ ने निरीक्षण के दौरान पाया कि दो एएनएम ज्योति एवं प्राची चौधरी, योगदान दिवस के बाद से ही बगैर किसी सुचना के अनुपस्थित चल रही हैं, जिस पर सीएमओ ने जिला कार्यक्रम प्रबंधक को दोनों की सेवा समाप्ति करते हुए मिशन निदेशक को सूचित करने का निर्देश दिया। वहीं संविदा कर्मी दीपक कुमार ओटी टेक्नीशियन, मनीष कुमार एसटीएलएस तीन दिन से, अर्जुन कुमार टीबीएचवी, अमित कुमार एलटी, अंजनी कुमार आईसीटीसी एलटी, इंदू राही एएफएचएस काउंसलर शनिवार को बगैर किसी सूचना के अनुपस्थित पाए गए। इन सभी का वेतन रोकने, स्पष्टीकरण तलब करने का निर्देश अधीक्षक को दिया गया। औषधि वितरण कक्ष की स्थिति अच्छी पाई गई। डेंगू वार्ड के बेड से मच्छरदानी नदारद मिली जिसे तत्काल लगवाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा एक्सरे मशीन खराब पाई गई, जिसे तत्काल ठीक कराने का निर्देश दिया गया। एक्सरे टेक्नीशियन अनिल दूबे उपस्थिति पंजिका पर हस्ताक्षर बनाकर नदारद पाए गए। इसके संबंध अधीक्षक को कड़ी चेतावनी देने के साथ ही उनसे जांच रिपोर्ट तलब की गई। साफ सफाई की खराब स्थिति पर फटकार लगाते हुए, उसे दुरूस्त करने का निर्देश दिया गया। खिड़कियों की शीशे और कई जगह की टाइल्स टूटी पायी गयी। कार्यवाहक अधीक्षक को निर्देशित किया गया कि वह तत्काल आरकेएस की बैठक कराकर, समुचित प्रस्ताव प्रस्तुत करें और मरम्मत के सभी कार्य पूर्ण कराते हुए अवगत कराने का निर्देशित किया।
कर्मचारियों को नहीं है सीएमओ का भय -
जिले में स्वास्थ्यकर्मियों को सीएमओ का भय नहीं है। यह पहला मामला नहीं है, जब सीएमओ के निरीक्षण में इतनी बड़ी संख्या में स्वास्थ्य कर्मी गायब मिले हैं। इसके पहले भी दर्जनों स्वास्थ्यकर्मी ड्यूटी से नदारद मिलते रहे हैं। अमूमन निरीक्षण के दौरान सीएमओ कार्मिकों को डांट फटकार लगाते हैं और वेतन अवरूद्ध करने की भी कार्रवाई करते हैं, लेकिन उसके बाद भी स्वास्थ्य कर्मियों में सीएमओ की हनक नहीं दिख रही है।




