Sonbhadra News : वृद्धावस्था पेंशन के लिए 1855 बुजुर्ग चिह्नित
जीरो पावर्टी के तहत चिह्नित किए गए पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके तहत वृद्धावस्था पेंशन के लिए 1855 बुजुर्गों को चिह्नित किया गया है। शासन द्वारा उपलब्ध....

sonbhadra
12:32 AM, May 3, 2025
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जीरो पावर्टी के तहत चिह्नित किए गए पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके तहत वृद्धावस्था पेंशन के लिए 1855 बुजुर्गों को चिह्नित किया गया है। शासन द्वारा उपलब्ध कराई गई सूची के बाद विभाग ने सत्यापन का कार्य शुरू करा दिया है जिससे पात्रों को योजना का लाभ दिया जा सके।
जिले में अभी तक करीब 60 हजार बुजुर्गो को वृद्धावस्था पेंशन योजना का लाभ दिया जा रहा है। शासन के आदेश पर इनके सत्यापन की प्रक्रिया शुरू की गई है। इसी बीच जीरो पावर्टी के तहत कराए गए सर्वे में करीब 1855 और बुजुर्ग ऐसे पाए गए हैं जिन्हें वृद्धावस्था पेंशन का लाभ दिया जाना है। जीरो पावर्टी के तहत चिह्नित किए गए पात्रों को योजना का लाभ समय से मिल सके इसके लिए विभाग ने कराए जा रहे सर्वे के कार्य के साथ ही इनका भी सर्वे कराने का कार्य शुरू किया है, जिससे सभी पात्रों को एक साथ योजना के लाभ से लाभांवित किया जा सके।
वहीं जिला समाज कल्याण अधिकारी रमाशंकर यादव ने बताया कि "जीरो पावर्टी के तहत 1855 बुजुर्गों को वृद्धावस्था पेंशन का लाभ दिए जाने के लिए चिह्नित किया गया है। विभाग पहले से जिन्हें पेंशन दे रहा है शासन के आदेश पर उनका सत्यापन कराया जा रही है इसी के साथ ही जीरो पावर्टी के तहत चिह्नित लोगों का सर्वे कराया जा रहा है जिससे योजना का लाभ दिलाया जा सके।"




