Sonbhadra News : जिले में बढ़ेंगे 16 धान क्रय केंद्र, 1.70 लाख मीट्रिक टन खरीद का लक्ष्य
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में किसानों से धान खरीद की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए जनपद में धान क्रय केंद्रों....

धान खरीद को लेकर बैठक करते डीएम चर्चित गोंड....
sonbhadra
12:15 AM, September 4, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में किसानों से धान खरीद की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए जनपद में धान क्रय केंद्रों की संख्या बढ़ाई जाएगी। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने संबंधित अधिकारियों को समय से सभी तैयारियां पूरी करने और खरीद व्यवस्था को सुचारू बनाने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्ट्रेट स्थित जनसुनवाई कक्ष में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने मूल्य समर्थन योजना के तहत प्रस्तावित धान खरीद की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने खाद्य विभाग के वर्तमान 38 क्रय केंद्रों की संख्या बढ़ाकर 50 करने के निर्देश दिए। इसके अलावा मंडी समिति और भारतीय खाद्य निगम के दो-दो क्रय केंद्रों में भी दो-दो केंद्रों की वृद्धि करने को कहा गया है। जिला पीसीएफ को भी अपने 30 धान क्रय केंद्रों का प्रस्ताव तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
पिछले साल से बढ़ेगा खरीद का लक्ष्य -
बैठक में पिछले वर्ष हुई धान खरीद के आंकड़ों की भी समीक्षा की गई। जनपद में पिछले वर्ष 1,25,837.34 मीट्रिक टन धान की वास्तविक खरीद हुई थी। धान की उत्पादकता और संभावित उत्पादन को देखते हुए इस वर्ष खरीद का लक्ष्य बढ़ाने की तैयारी है। जिलाधिकारी ने जिला खाद्य विपणन अधिकारी और उप निदेशक कृषि को आवश्यक कार्यवाही करते हुए 1,70,000 मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किए जाने की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
किसानों को नहीं होनी चाहिए परेशानी -
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि धान खरीद से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। क्रय केंद्रों पर किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो और खरीद प्रक्रिया व्यवस्थित एवं सुचारू ढंग से संचालित हो, यह सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वागीश कुमार शुक्ला, उप निदेशक कृषि, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता, मंडी सचिव रॉबर्ट्सगंज, जिला खाद्य विपणन अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




