जानकारी के अनुसार, राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज के समीप बर्दिया कंपार्ट नंबर चार निवासी केदार की पुत्री सरिता (10वर्ष), सुनीता (12वर्ष), गांव की ही उषा (14वर्ष) और काजल (9) के साथ सोन नदी के किनारे पशु चराने गई थी। वहां चारों नदी में उतरकर नहाने लगी। नदी में किनारे पानी कम था, लेकिन आगे की गहराई का अंदाजा न होने से चारों नहाते हुए गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। सरिता, सुनीता और उषा को नदी में डूबते देख उनके पीछे रही काजल भागकर बाहर आई और घटना की सूचना घरवालों को दी। कुछ ही देर में परिजन और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मौके पर चोपन पुलिस, सीओ संजीव कटियार और ओबरा एसडीएम विवेक सिंह भी पहुंच गए। पुलिस ने गोताखोरों व फायर ब्रिगेड के जवानों की मदद से तीनों किशोरियों की तलाश शुरू की।कड़ी मशक्कत के बाद दो किशोरियों के शव को बरामद किया गया है जबकि तीसरी किशोरी की तलाश की जा रही है। वहीं किशोरियों के शव बरामद होने के बाद परिजनों सहित ग्रामीणों में कोहराम मच गया है।