सोबाए चुनाव अपडेट : जुलूस के साथ नामांकन करने पहुंचे प्रत्याशी, पेश की दावेदारी
सोनभद्र बार एसोसिएशन के चुनाव में नामांकन के पहले दिन बुधवार को काफी गहमा गहमी रही। सोनभद्र बार सभागार में प्रत्याशियों ने नामांकन किया। जुलूस की शक्ल में प्रत्याशी नामांकन करने पहुंचे। पर्चा दाखिल...

सोनभद्र बार एसोसिएशन के चुनाव के लिए पर्चा दाखिल करते प्रत्याशी
sonbhadra
6:32 AM, December 12, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• पहले दिन अध्यक्ष सहित विभिन्न पदों के लिए 15 प्रत्याशियों ने पर्चा किया दाखिल
• अध्यक्ष पद के लिए दो प्रत्याशियों ने दाखिल किया पर्चा
सोनभद्र । सोनभद्र बार एसोसिएशन के चुनाव में नामांकन के पहले दिन बुधवार को काफी गहमा गहमी रही। सोनभद्र बार सभागार में प्रत्याशियों ने नामांकन किया। जुलूस की शक्ल में प्रत्याशी नामांकन करने पहुंचे। पर्चा दाखिल कर अपनी दावेदारी पेश की। इस दौरान पहले दिन अध्यक्ष पद पर दो प्रत्याशियों समेत कुल 15 लोगों ने पर्चा दाखिल किया। जबकि नामांकन पत्र वितरण के दूसरे व अंतिम दिन अध्यक्ष, महामंत्री, कोषाध्यक्ष एवं कार्यकारिणी सहित भिन्न-भिन्न पदों के लिए कुल 13 लोगों ने पर्चा खरीदा। जिसमें अध्यक्ष, उपाध्यक्ष 10 वर्ष से ऊपर, महामंत्री व कोषाध्यक्ष पद के लिए तीन-तीन लोगों ने पर्चा लिया है। जबकि नामांकन पत्र वितरण के पहले दिन 20 लोगों ने पर्चा ख़रीदा था।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी शशि कुमार मिश्र ने बताया कि "पर्चा दाखिला के पहले दिन कुल 15 लोगों ने पर्चा दाखिल किया है। जिसमें अध्यक्ष पद के लिए दो प्रत्याशी अरुण कुमार मिश्र व ओम प्रकाश पाठक ने अपना पर्चा दाखिल किया है। वहीं वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए शारदा प्रसाद मौर्या, महामंत्री पद के लिए अखिलेश कुमार पांडेय, उपाध्यक्ष 10 वर्ष से ऊपर के लिए संजय कुमार पांडेय, उपाध्यक्ष 10 वर्ष से नीचे के लिए आशुतोष कुमार दुबे व अखिलेश कुमार मिश्र, संयुक्त मंत्री प्रशासन अजय प्रकाश मिश्र ने पर्चा दाखिल किया है। सदस्य कार्यकारिणी 15 वर्ष से ऊपर के लिए दो प्रत्याशी सुनील कुमार व सेराज अख्तर खां एवं सदस्य कार्यकारिणी 15 वर्ष से नीचे के लिए पांच प्रत्याशी अविनाश रंजन त्रिपाठी, आशीष कुमार पाल, प्रमोद कुमार सिंह, श्याम किशोर मिश्र व राहुल जैन ने पर्चा दाखिल किया है।"
उन्होंने बताया कि पर्चा खरीदने के अंतिम दिन कुल 13 लोगों ने पर्चा लिया। जिसमें अध्यक्ष पद के लिए अशोक प्रसाद श्रीवास्तव, महामंत्री के लिए अखिलेश कुमार पांडेय, कोषाध्यक्ष के लिए वंशीधर पांडेय, संयुक्त मंत्री प्रकाशन के लिए शरद चंद्र गुप्ता, संयुक्त मंत्री पुस्तकालय के लिए सूरज वर्मा ने पर्चा लिया। जबकि सदस्य कार्यकारिणी 15 वर्ष से ऊपर के लिए प्रदीप पांडेय, सुनील कुमार, पुष्पा तिग्गा, सुशील कुमार चौबे व अशोक कुमार मिश्र तथा सदस्य कार्यकारिणी 15 वर्ष से नीचे के लिए अविनाश रंजन त्रिपाठी, प्रमोद कुमार सिंह व श्याम किशोर मिश्र ने पर्चा खरीदा।




