दिल्ली जल बोर्ड टेंडर मामले में सत्येंद्र जैन समेत छह गिरफ्तार
आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन के खिलाफ दिल्ली सरकार की एंटी करप्शन ब्रांच (ACB) ने बड़ी कार्रवाई की है।

delhi
9:57 PM, August 18, 2026
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन के खिलाफ दिल्ली सरकार की एंटी करप्शन ब्रांच (ACB) ने बड़ी कार्रवाई की है। दिल्ली जल बोर्ड से जुड़े सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) के टेंडर में कथित अनियमितता और भ्रष्टाचार के मामले में ACB ने सत्येंद्र जैन समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार किए गए लोगों में दिल्ली जल बोर्ड के पूर्व सीईओ और आईएएस अधिकारी उदित प्रकाश राय भी शामिल हैं। जांच एजेंसी का आरोप है कि पानी के मीटर लगाने वाली एक निजी कंपनी को टेंडर प्रक्रिया में नियमों को दरकिनार करते हुए अनुचित लाभ पहुंचाया गया।
यह कार्रवाई 11 मई 2024 को दर्ज एफआईआर संख्या 10/2024 के आधार पर की गई है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के साथ-साथ धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश से जुड़ी धाराएं भी लगाई गई हैं।
इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों से मिली अहम जानकारी
ACB की जांच के दौरान सामने आए इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों में ई-मेल और अलग-अलग लोगों के बीच हुई बातचीत का विश्लेषण शामिल है। एजेंसी के मुताबिक, जांच में संकेत मिले कि टेंडर से जुड़े दस्तावेज और कॉरिजेंडम आधिकारिक प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही कुछ निजी लोगों, बिचौलियों और संबंधित अधिकारियों के बीच साझा किए गए थे।
जांच एजेंसी का दावा है कि बाद में इन्हीं दस्तावेजों को सरकारी टेंडर प्रक्रिया का हिस्सा बनाया गया। ACB के मुताबिक, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों से अधिकारियों और निजी कंपनियों के बीच कथित सांठगांठ की बात सामने आई है।
फिलहाल मामले में गिरफ्तार सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और जांच एजेंसी टेंडर प्रक्रिया से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है। आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही होगी।




