Shahjahanpur news : रक्षाबंधन पर ससुराल पहुंचा युवक, अगले दिन पेड़ पर लटकता मिला शव
रक्षाबंधन की खुशियां मनाने ससुराल पहुंचे एक युवक की अगले ही दिन संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई।

shahjahanpur
8:02 PM, August 29, 2026
राहुल शुक्ला ब्यूरो
-- कई घंटे बाद हुई मृतक की छिनाख्त मां का सनसनीखेज आरोप—बेटे की हत्या कर आत्महत्या का दिया गया रूप, पत्नी समेत कई लोगों पर गंभीर आरोप
खुटार, शाहजहांपुर। रक्षाबंधन की खुशियां मनाने ससुराल पहुंचे एक युवक की अगले ही दिन संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई।युवक का शव रुजहा खुर्द गांव मे खेत के किनारे खडे़ पेड़ पर फंदे से लटका मिलने के बाद मृतक की मां ने हत्या कर शव लटकाए जाने का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से कठोर कार्रवाई की मांग की है।
मृतक की मां विजरानी पत्नी बिहारी निवासी कलुआपुर गोठिया, थाना सिंधौली ने खुटार पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका पुत्र रामू 28 अगस्त को अपनी पत्नी छाया के साथ रक्षाबंधन के लिए उसकी ससुराल क्षेत्र के ग्राम कुम्भिया आया था। रात में कथित विवाद की सूचना मिलने के बाद परिजन चिंतित हो उठे।
आरोप है कि अगले दिन पहले रामू के घर पर न होने की बात कही गई और बाद में फोन कर बताया गया कि उसने फांसी लगा ली है। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने जब शव देखा तो मामला संदिग्ध नजर आया।
मां ने उठाए गंभीर सवाल
मृतक की मां ने तहरीर में आरोप लगाया है कि रामू का कुछ लोगों से विवाद चल रहा था। आरोप है कि उसके साथ मारपीट की गई और सिर पर धारदार हथियार से वार किया गया। इसके बाद हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को रुजहा खुर्द के पास कच्चे रास्ते पर पेड़ से लटका दिया गया।
इन गंभीर आरोपों ने पूरे मामले को सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया है। आखिर युवक की मौत कैसे हुई? क्या वास्तव में उसने आत्महत्या की या फिर किसी साजिश के तहत उसकी जान गई? इन सवालों का जवाब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही सामने आएगा।
मृतक की मां ने पत्नी समेत आरोपित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल मामला आरोपों के घेरे में है और पुलिस जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।




