UP News : अम्बेडकरनगर में पुलिस और सुपारी किलर के बीच मुठभेड़, वाहिद अंसारी ढेर
उसके खिलाफ हत्या, डकैती, लूट समेत विभिन्न गंभीर अपराधों के करीब 35 मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं। इसके अलावा वह गोरखपुर जनपद से भी वांछित चल रहा था।

ambedkarnagar
10:02 AM, November 18, 2026
० अकबरपुर में चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़
० एसपी प्राची सिंह रहीं मौके पर मौजूद
० कोतवाल समेत दो पुलिसकर्मी घायल
अम्बेडकरनगर। जिले में देर रात पुलिस और कुख्यात सुपारी किलर के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सुपारी किलर वाहिद अंसारी की मौत हो गई। मुठभेड़ अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के शिवबाबा के पास उस समय हुई, जब पुलिस टीम नियमित चेकिंग कर रही थी। घटना के दौरान पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह भी मौके पर मौजूद रहीं।
जानकारी के अनुसार, पुलिस चेकिंग के दौरान वाहिद अंसारी से सामना होने पर मुठभेड़ शुरू हो गई। दोनों तरफ से हुई गोलीबारी में वाहिद अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में उसकी मौत हो गई। वहीं मुठभेड़ के दौरान अकबरपुर कोतवाली प्रभारी भूपेंद्र सिंह और एक अन्य सिपाही भी घायल हो गए। दोनों घायल पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि मृतक वाहिद अंसारी मूल रूप से गाजीपुर जनपद का रहने वाला था और कुख्यात बिट्टू इंदौरी गैंग से जुड़ा हुआ था। उसके खिलाफ हत्या, डकैती, लूट समेत विभिन्न गंभीर अपराधों के करीब 35 मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं। इसके अलावा वह गोरखपुर जनपद से भी वांछित चल रहा था।
घटना के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई। पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में घटनास्थल पर जांच-पड़ताल की गई। मामले में पुलिस की ओर से आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।




