Shahjahanpur news : नियामतपुर में पंचतत्व में विलीन हुए वीरेंद्र पाल यादव
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता वीरेंद्र पाल यादव का बुधवार को उनके पैतृक गांव नियामतपुर में वैदिक रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार किया गया।

shahjahanpur
2:54 PM, August 12, 2026
राहुल शुक्ला ब्यूरो
--- नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना समेत उमड़े जनप्रतिनिधि व समर्थक
शाहजहांपुर। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता वीरेंद्र पाल यादव का बुधवार को उनके पैतृक गांव नियामतपुर में वैदिक रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा नेता, कार्यकर्ता, समर्थक और ग्रामीण पहुंचे। गमगीन माहौल में लोगों ने नम आंखों से अपने प्रिय नेता को अंतिम विदाई दी।
अंतिम संस्कार में प्रदेश सरकार के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना भी शामिल हुए। उन्होंने अर्थी को कंधा दिया और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। वीरेंद्र पाल यादव के निधन की खबर से जिले में शोक की लहर दौड़ गई थी। उनके आवास पर अंतिम दर्शन और शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का बुधवार तक तांता लगा रहा।
अंतिम यात्रा में उमड़ी भीड़ ने उनके प्रति लोगों के सम्मान और जुड़ाव को दर्शाया। क्षेत्रवासियों ने उनके निधन को जनपद के लिए अपूरणीय क्षति बताया। प्रशासन की ओर से अंतिम संस्कार के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्था के पर्याप्त इंतजाम किए गए। वैदिक रीति-रिवाज के बीच अंतिम संस्कार संपन्न होने के साथ ही वीरेंद्र पाल यादव पंचतत्व में विलीन हो गए।




