Shahjanpur news : 130 ई-रिक्शों का सत्यापन, 40 के चालान और एक सीज
खिरनीबाग चौराहा और बरेली मोड़ पर ई-रिक्शा सत्यापन अभियान चलाकर 130 ई-रिक्शों के दस्तावेजों की जांच की।

shahjahanpur
10:30 PM, September 14, 2026
राहुल शुक्ला ब्यूरो
शाहजहांपुर। यातायात पुलिस ने सोमवार को खिरनीबाग चौराहा और बरेली मोड़ पर ई-रिक्शा सत्यापन अभियान चलाकर 130 ई-रिक्शों के दस्तावेजों की जांच की। अभियान पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी यातायात के नेतृत्व में चलाया गया।
अभियान के दौरान ई-रिक्शा चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड, वाहन स्वामी का आधार कार्ड और ई-रिक्शा की आरसी संबंधी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सत्यापित की गई। पुलिस ने चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और निर्धारित मार्गों पर ही ई-रिक्शा संचालित करने के लिए जागरूक किया।
जांच के दौरान एक ई-रिक्शा में बेतरतीब तरीके से लोहे की रॉड ले जाते पाए जाने पर उसे सीज कर दिया गया। वहीं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 40 ई-रिक्शों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस के अनुसार जनपद में सभी ई-रिक्शों का सत्यापन पूरा होने तक अभियान जारी रहेगा। पुलिस ने चालकों से वाहन के आवश्यक अभिलेख साथ रखने और निर्धारित नियमों व मार्गों के अनुसार ही ई-रिक्शा चलाने की अपील की है।




