Shahjahanpur news : प्लांट में मशीनरी पार्ट्स चोरी का खुलासा, दो गिरफ्तार
पुलिस ने रोजा पावर प्लांट में हुई मशीनरी पार्ट्स चोरी की घटना का त्वरित खुलासा करते हुए 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

shahjahanpur
10:10 PM, June 19, 2026
राहुल शुक्ला ब्यूरो
शाहजहांपुर। थाना रामचंद्र मिशन पुलिस ने रोजा पावर प्लांट में हुई मशीनरी पार्ट्स चोरी की घटना का त्वरित खुलासा करते हुए 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए कई महत्वपूर्ण मशीनरी उपकरण भी बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, चोर पावर प्लांट की सुरक्षा दीवार पार कर परिसर में दाखिल हुए और डी-पंप हाउस से मशीनरी के कीमती पुर्जे चोरी कर ले गए थे। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और विभिन्न साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए गुवांरी टावर के पास से एक आरोपी अंकित वर्मा को गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथियों पारस वर्मा और अनिकेत के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोरी के बाद मशीनरी के पुर्जों को आपस में बांट लिया गया और बाद में उन्हें कबाड़ी को बेच दिया गया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चौढेरा गांव निवासी कबाड़ी अनुभव को भी गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से वॉल्व, हैंडल, डब्ल्यूईआर प्लेट, पुली बेल्ट सहित कई मशीनरी पार्ट्स बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।




