Shahjahanpur news : दहशत का कारण बना तेंदुआ आखिरकार वन विभाग के पिंजरे में हुआ कैद
सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र के कजरी निरंजनपुर गांव में पिछले करीब 12 दिनों से दहशत का कारण बना तेंदुआ आखिरकार वन विभाग के पिंजरे में कैद हो गया।

shahjahanpur
11:26 AM, August 13, 2026
राहुल शुक्ला ब्यूरो
शाहजहांपुर। खुटार वन रेंज से सटे पीलीभीत जिले के सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र के कजरी निरंजनपुर गांव में पिछले करीब 12 दिनों से दहशत का कारण बना तेंदुआ आखिरकार वन विभाग के पिंजरे में कैद हो गया। तेंदुए ने कुछ दिन पहले गोशाला में घुसकर एक बछड़े का शिकार कर लिया था। इसके बाद ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ था।
तेंदुए की लगातार आवाजाही के कारण किसान खेतों की ओर जाने से भी बच रहे थे। ग्रामीणों की सूचना के बाद वन विभाग ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी थी। करीब एक सप्ताह पहले गोशाला के पास तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया गया था।
गुरुवार को तेंदुआ पिंजरे में फंस गया। जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए को सुरक्षित कब्जे में लेकर खुटार वन रेंज कार्यालय मैलानी पहुंचाया।
वन विभाग के अधिकारियों के निर्देश के बाद तेंदुए को सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। तेंदुए के पकड़े जाने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।




