Shahjahanpur news : दुकानदार ने फ्री में पुड़िया देने से किया इनकार, दुकानदार पर तान दिया तमंचा
मुफ्त में पुड़िया देने से इनकार करना एक परचून दुकानदार को भारी पड़ गया।

shahjahanpur
7:52 PM, September 29, 2026
- शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को दबोचा, 315 बोर का तमंचा बरामद
राहुल शुक्ला ब्यूरो
खुटार, शाहजहांपुर। मुफ्त में पुड़िया देने से इनकार करना एक परचून दुकानदार को भारी पड़ गया। आरोप है कि दुकान पर पहुंचे युवक ने पुड़िया न देने पर आपा खो दिया और दुकानदार पर 315 बोर का तमंचा तान दिया। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। घटना से इलाके में खलबली मच गई।
ढकना लहिया गांव निवासी राकेश कुमार की परचून की दुकान पर सोमवार को गांव का ही कपिल कुमार पहुंचा था। पुलिस के मुताबिक, कपिल ने दुकानदार से मुफ्त में पुड़िया मांगी। राकेश ने जब पुड़िया देने से मना किया तो आरोप है कि कपिल ने तमंचा निकालकर उसकी ओर तान दिया। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के बाद दुकानदार आरोपी को साथ लेकर थाने पहुंचा और पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया है और आग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है.




