Shahjahanpur news : ढाई महीने बाद टूटा निकाह का रिश्ता, पत्नी पर जेवरात और नकदी लेकर फरार होने का आरोप
खुटार थाना क्षेत्र में निकाह के महज ढाई महीने बाद एक नवविवाहिता पर घर से लाखों रुपये के जेवरात और नकदी लेकर फरार होने का आरोप लगा है।

shahjahanpur
5:47 PM, August 3, 2026
राहुल शुक्ला ब्यूरो
खुटार (शाहजहांपुर)। खुटार थाना क्षेत्र में निकाह के महज ढाई महीने बाद एक नवविवाहिता पर घर से लाखों रुपये के जेवरात और नकदी लेकर फरार होने का आरोप लगा है। पीड़ित पति की शिकायत पर पुलिस ने पत्नी, उसके कथित प्रेमी और मायके पक्ष के कुछ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित के अनुसार, निकाह के कुछ समय बाद ही पत्नी की गतिविधियों पर संदेह होने लगा था। उसका आरोप है कि पत्नी रिश्ते में बहनोई बताए जा रहे एक युवक से मोबाइल पर लगातार संपर्क में रहती थी। विरोध करने पर उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी गई।
शिकायत के मुताबिक, पति मजदूरी के सिलसिले में जालौन गया हुआ था। इसी दौरान पत्नी पहले मायके गई और वापस लौटने के अगले दिन रात में कथित रूप से अपने परिचित युवक के साथ घर से करीब छह तोला सोने के आभूषण, लगभग 500 ग्राम चांदी और एक लाख रुपये नकद लेकर चली गई।
घटना की जानकारी होने पर परिवार ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। पीड़ित परिवार का आरोप है कि ससुराल पक्ष से संपर्क करने पर भी अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।




