Shahjahanpur news : अवैध मेडिकल स्टोर पर औषधि निरीक्षक की बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में दवाएं सील कर जब्त
नवदिया नवाजपुर में अवैध रूप से संचालित एक मेडिकल स्टोर पर औषधि निरीक्षक ने पुलिस बल के साथ छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की।

shahjahanpur
11:02 PM, July 23, 2026
राहुल शुक्ला ब्यूरो
खुटार, शाहजहांपुर। खुटार क्षेत्र के गांव नवदिया नवाजपुर में अवैध रूप से संचालित एक मेडिकल स्टोर पर औषधि निरीक्षक ने पुलिस बल के साथ छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान दुकान में रखी भारी मात्रा में दवाओं को सील कर जब्त कर लिया गया। साथ ही कई औषधियों के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।
जानकारी के अनुसार, गांव के एक युवक ने शिकायत की थी कि पैर में झनझनाहट की समस्या होने पर मेडिकल संचालक ने इलाज का दावा करते हुए उसे इंजेक्शन लगाया था। आरोप है कि इंजेक्शन लगने के बाद उसके पैर में गंभीर संक्रमण हो गया। बाद में लखनऊ में उपचार के दौरान चिकित्सकों ने संक्रमण अधिक बढ़ने पर पैर काटने की सलाह दी। इसके बाद पीड़ित ने खुटार थाना सहित उच्च अधिकारियों से मामले की शिकायत की।
शिकायत के आधार पर औषधि निरीक्षक ने मंगलवार को मेडिकल स्टोर का निरीक्षण कर संचालक को दो दिन के भीतर वैध लाइसेंस एवं अन्य आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। गुरुवार को औषधि निरीक्षक पुलिस टीम के साथ दोबारा मौके पर पहुंचे, लेकिन मेडिकल संचालक कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद विभाग ने मेडिकल स्टोर में रखी भारी मात्रा में दवाओं को सील कर जब्त कर लिया। कार्रवाई के दौरान खुटार पुलिस भी मौके पर मौजूद रही।
वर्जन:
"प्राप्त शिकायत के आधार पर गांव नवदिया नवाजपुर स्थित मेडिकल स्टोर पर छापेमारी की गई। जांच के दौरान मेडिकल स्टोर संचालक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके चलते मेडिकल स्टोर में रखी भारी मात्रा में दवाओं को सील कर जब्त कर लिया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।"
— शिवेंद्र प्रताप सिंह, जिला औषधि निरीक्षक, शाहजहांपुर




