Shahjahanpur news : प्रेम विवाह का रिश्ता बना मौत की वजह, पति ने पत्नी को गोली से उड़ाया
तीन साल पहले जिस युवक के साथ प्रेम विवाह कर रेशमा ने जिंदगी बिताने के सपने देखे थे!

shahjahanpur
4:42 PM, November 3, 2026
राहुल शुक्ला ब्यूरो
- 20 दिन से मायके में रह रही थी रेशमा, पति बाइक से ससुराल से घर लाया; घर पहुंचते ही विवाद के बाद तमंचे से दाग दी गोली
शाहजहांपुर। तीन साल पहले जिस युवक के साथ प्रेम विवाह कर रेशमा ने जिंदगी बिताने के सपने देखे थे, उसी पति ने मंगलवार को उसकी जिंदगी खत्म कर दी। निगोही थाना क्षेत्र के गांव त्रिलोकपुर में घरेलू कलह के चलते शिवम ने अपनी 23 वर्षीय पत्नी रेशमा की तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से गांव में हड़कंप मच गया।
बताया जाता है कि कंबाइन चालक शिवम का पड़ोसी गांव चौढ़ेरा-चौढ़ेरी की रहने वाली रेशमा से प्रेम संबंध था। करीब तीन साल पहले दोनों ने प्रेम विवाह किया था। हालांकि, पिछले कुछ दिनों से दंपती के बीच रिश्तों में खटास आ गई थी। आए दिन होने वाले विवाद के चलते रेशमा करीब 20 दिनों से अपने मायके में रह रही थी।
मंगलवार सुबह शिवम अपनी ससुराल पहुंचा। उसने पत्नी से अलमारी में रखे कपड़े निकालने के लिए चाबी मांगी। इसके बाद वह रेशमा को बाइक पर बैठाकर अपने घर ले आया। घर पहुंचने के बाद दोनों के बीच फिर कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि शिवम ने तमंचा निकालकर रेशमा के गाल पर गोली चला दी। गोली लगते ही वह खून से लथपथ होकर गिर पड़ी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
वारदात के बाद घर में कोहराम मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर निगोही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। सीओ सदर शुभम वर्मा ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने बताया कि महिला को गोली लगने की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। जांच में घरेलू विवाद के चलते पति द्वारा गोली मारने की बात सामने आई है। आरोपी शिवम को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।




