Shahjahanpur news : प्रधान के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल हुए लेखपाल! सरकारी मर्यादा पर उठे गंभीर सवाल
ग्राम कुइयां में मृत गोवंश के अंतिम संस्कार को लेकर मंगलवार को विवाद खड़ा हो गया।

shahjahanpur
8:19 PM, July 28, 2026
राहुल शुक्ला ब्यूरो
-- मृत गोवंश के संस्कार को लेकर बवाल, प्रदर्शन में हाथ उठाते दिखे लेखपाल, लेखपाल बोले हाथ उठाकर गाडी रुकबा रहे थे
-- बीडीओ बोले: शिकायत मिली तो कारण बताओ नोटिस जारी होगा, एसडीएम ने बताया जांच के लिए गए थे लेखपाल
खुटार, (शाहजहांपुर)। खुटार क्षेत्र के ग्राम कुइयां में मृत गोवंश के अंतिम संस्कार को लेकर मंगलवार को विवाद खड़ा हो गया। हिन्दू युवा संगठन (अ)के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद ग्राम प्रधान मौके पर नहीं पहुंचे, जिससे नाराज होकर उन्होंने प्रधान के खिलाफ प्रदर्शन किया।
विवाद उस समय और गहरा गया जब शिकायत की जांच के लिए पहुंचे लेखपाल भी प्रदर्शनकारियों के साथ हाथ उठाकर विरोध करते दिखाई दिए। लेखपाल की इस भूमिका के फोटो सामने आने के बाद प्रशासनिक निष्पक्षता और सरकारी कर्मचारी आचरण नियमावली को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
मामले की जानकारी मिलने पर खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) खुटार ने कहा कि यदि शिकायत सही पाई जाती है तो संबंधित लेखपाल को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वहीं उपजिलाधिकारी पुवायां ने लेखपाल का बचाव करते हुए कहा कि वह शिकायत के आधार पर मौके पर जांच के लिए गए थे। हालांकि, सामने आई तस्वीरों में लेखपाल प्रदर्शनकारियों के साथ नजर आने से उनका पक्ष सवालों के घेरे में आ गया है।
अब यह मामला केवल मृत गोवंश के संस्कार तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि सरकारी कर्मचारी की निष्पक्षता और सेवा नियमों के पालन को लेकर भी चर्चा का विषय बन गया है। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित कर्मचारी पर विभागीय कार्रवाई की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
इस संबंध में क्षेत्रीय लेखपाल से उनका पक्ष जाना गया तो उन्होंने बताया है। कि हाथ उठाकर गाड़ी को रुकवा रहे थे इसी दौरान का फोटो खिच गया।




