Shahjahanpur news : कायाकल्प योजना से बदलेगी खुटार के सरकारी स्कूलों की तस्वीर, विकास कार्यों पर खर्च होंगे करीब 67 लाख रुपये8
कायाकल्प योजना के अंतर्गत विद्यालय परिसरों में बाउंड्री वॉल, टाइल्स बिछाने सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए लगभग 67 लाख रुपये की कार्ययोजना तैयार की गई है।

shahjahanpur
7:25 PM, July 21, 2026
राहुल शुक्ला ब्यूरो
खुटार, शाहजहांपुर। नगर पंचायत खुटार क्षेत्र के चार सरकारी विद्यालयों में जल्द ही विकास कार्य शुरू होने की संभावना है। कायाकल्प योजना के अंतर्गत विद्यालय परिसरों में बाउंड्री वॉल, टाइल्स बिछाने सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए लगभग 67 लाख रुपये की कार्ययोजना तैयार की गई है।
जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत ने विभिन्न विद्यालयों में आवश्यक निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सूत्रों के मुताबिक, इन कार्यों से संबंधित निविदाएं 10 अगस्त के आसपास खोली जा सकती हैं, जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
प्रस्तावित योजना के तहत प्राथमिक विद्यालय कोट में लगभग 14.35 लाख रुपये, कंपोजिट विद्यालय में करीब 20.88 लाख रुपये, प्राथमिक विद्यालय नरायनपुर विक्रमपुर में लगभग 13.90 लाख रुपये तथा प्राथमिक विद्यालय प्रथम में करीब 18 लाख रुपये की लागत से विकास कार्य प्रस्तावित हैं।
स्थानीय लोगों का मानना है कि योजना के क्रियान्वयन के बाद इन विद्यालयों की आधारभूत सुविधाओं में सुधार होगा और परिसर पहले की तुलना में अधिक व्यवस्थित एवं आकर्षक नजर आएंगे। निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्यों की शुरुआत होने की संभावना जताई जा रही है।




