Shahjahanpur news : क्या इंटरलॉक सड़क निर्माण में चल रहा कमीशन का खेल?
नगर के मोहल्ला पटवा वार्ड तथा मोहल्ला बगियानाथ लखपेड़ा में हरिपाल के घर से रामकुमार के घर तक बन रहे इंटरलॉक मार्ग में मानकों की खुलेआम अनदेखी किए जाने के आरोप लग रहे हैं।

shahjahanpur
8:51 PM, August 1, 2026
राहुल शुक्ला ब्यूरो
–––निर्माण में रेत की जगह खेत की पीली मिट्टी,घटिया ईंट,रोड़ी व सामग्री के प्रयोग का आरोप
खुटार, शाहजहांपुर। नगर पंचायत खुटार में विकास कार्यों की गुणवत्ता एक बार फिर सवालों के घेरे में है। नगर के मोहल्ला पटवा वार्ड तथा मोहल्ला बगियानाथ लखपेड़ा में हरिपाल के घर से रामकुमार के घर तक बन रहे इंटरलॉक मार्ग में मानकों की खुलेआम अनदेखी किए जाने के आरोप लग रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इंटरलॉक बिछाने के लिए निर्धारित रेत की बजाय खेत की पीली मिट्टी डाली जा रही है। इतना ही नहीं, निर्माण में इस्तेमाल की जा रही पीली रोड़ी और खंजर ईंट की गुणवत्ता पर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का आरोप है कि कमीशनखोरी के चलते घटिया सामग्री का प्रयोग कर सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि यही स्थिति रही तो नई सड़क कुछ ही समय में उखड़ जाएगी और लाखों रुपये का सरकारी पैसा बर्बाद हो जाएगा। लोगों ने पूरे निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराने, गुणवत्ता की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने तथा दोषी अधिकारियों और ठेकेदार के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
अब बड़ा सवाल यह है कि नगर पंचायत के जिम्मेदार अधिकारी निर्माण कार्य की निगरानी कर रहे हैं या फिर सब कुछ उनकी आंखों के सामने ही हो रहा है? यदि आरोप सही हैं, तो यह केवल घटिया निर्माण का मामला नहीं बल्कि सरकारी धन और जनता के विश्वास से जुड़ा गंभीर प्रश्न है।




