Shahjahanpur news : सरकारी स्कूल प्यासे, प्राइवेट स्कूल पर मेहरबानी! ब्लॉक प्रमुख के फैसले पर उठे बड़े सवाल
खुटार क्षेत्र में एक निजी विद्यालय में वाटर कूलर लगाए जाने के बाद जनप्रतिनिधियों की प्राथमिकताओं पर सवालों का तूफान खड़ा हो गया है।

shahjahanpur
3:20 PM, July 24, 2026
राहुल शुक्ला ब्यूरो
खुटार, शाहजहांपुर। खुटार क्षेत्र में एक निजी विद्यालय में वाटर कूलर लगाए जाने के बाद जनप्रतिनिधियों की प्राथमिकताओं पर सवालों का तूफान खड़ा हो गया है। जहां एक ओर सरकारी विद्यालय वर्षों से पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं, वहीं दूसरी ओर एक संपन्न निजी विद्यालय तक सुविधा पहुंचने से क्षेत्र में नाराजगी बढ़ गई है।
खुटार-तिकुनिया स्थित गोल्डन फ्लावर पब्लिक स्कूल में ब्लॉक प्रमुख द्वारा वाटर कूलर उपलब्ध कराए जाने की चर्चा पूरे क्षेत्र में है। लोगों का सवाल है कि आखिर सरकारी व्यवस्था का पहला अधिकार किसका है—उन सरकारी विद्यालयों का, जहां गरीब और मजदूर परिवारों के बच्चे पढ़ते हैं, या फिर उन निजी संस्थानों का, जहां विद्यार्थियों से हर वर्ष मोटी फीस वसूली जाती है?
ग्रामीणों का कहना है कि यदि इस कार्य में सरकारी निधि या क्षेत्र पंचायत के संसाधनों का उपयोग हुआ है, तो यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि निजी विद्यालय को प्राथमिकता किस आधार पर दी गई। जब कई सरकारी विद्यालय बुनियादी सुविधाओं के अभाव में बदहाल हैं, तब निजी संस्थानों तक सुविधाएं पहुंचना गंभीर सवाल खड़े करता है।
अब क्षेत्र के लोगों की मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और सार्वजनिक किया जाए कि वाटर कूलर किस योजना, किस निधि और किन नियमों के तहत लगाया गया। यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
खंड विकास अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




