Shahjahanpur news : गौतम हत्याकांड में उबाल, सड़क पर बैठे परिजन; बोले- आरोपी के एनकाउंटर तक नहीं हटेंगे
कांट क्षेत्र के युवक गौतम मौर्य की चाकू से हत्या के मामले में शनिवार को परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया।

shahjahanpur
10:20 PM, August 1, 2026
राहुल शुक्ला ब्यूरो
--- धरने पर पहुंचे एडीएम व एसपी सिटी, बोले- दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई; परिजन मांगों पर अड़े
शाहजहांपुर। कांट क्षेत्र के युवक गौतम मौर्य की चाकू से हत्या के मामले में शनिवार को परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया। न्याय की मांग को लेकर परिजनों ने थाना परिसर के बाहर सड़क पर धरना देते हुए जाम लगा दिया। धरने में बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ विभिन्न हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता भी शामिल हुए। नगर पंचायत कांट के पूर्व प्रत्याशी योगेश शर्मा अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों का समर्थन किया।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही विधायक के भाई विमल सिंह, एडीएम प्रशासन रजनीश मिश्रा और एसपी सिटी देवेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया तथा निष्पक्ष एवं कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया।
इस दौरान एडीएम प्रशासन रजनीश मिश्रा ने कहा कि मामले में दोषियों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं परिजनों का कहना था कि जब तक मुख्य आरोपी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई नहीं होती, वे धरना समाप्त नहीं करेंगे। उन्होंने अपनी मांगों को अधिकारियों के सामने दोहराया।
धरना स्थल पर पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी लगातार मौजूद रहे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। प्रशासन की ओर से लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई।




