Shahjahanpur news : कुसुमा में लंबे समय से चल रहा था जुए का खेल!
जुए के खेल पर सूत्रों के मुताबिक मंगलवार को पुलिस ने अचानक दबिश देकर कार्रवाई की।

shahjahanpur
3:17 PM, September 9, 2026
राहुल शुक्ला ब्यूरो
-- लाखों के दांव की चर्चा,दूर-दराज से पहुंचते थे खिलाड़ी;पुलिस ने दो आरोपितों को दबोचा,बाकी मौके से फरार: सूत्र
खुटार, शाहजहांपुर।क्षेत्र के गांव कुसुमा में कथित तौर पर लंबे समय से चल रहे जुए के खेल पर सूत्रों के मुताबिक मंगलवार को पुलिस ने अचानक दबिश देकर कार्रवाई की। पुलिस की कार्रवाई से जुआरियों में भगदड़ मच गई और कई लोग मौके से भाग निकलने में सफल रहे। पुलिस ने मौके से दो आरोपितों को पकड़कर थाने पहुंचाया,जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। हालांकि पुलिस मामले में जानकारी देने से कतरा रही है।
सूत्रों के अनुसार, गांव में जुए का यह खेल काफी समय से चल रहा था। चर्चा है कि यहां छोटी-मोटी बाजी नहीं, बल्कि लाखों रुपये तक का दांव लगाया जाता था। कथित जुए में आसपास के अलावा दूर-दराज क्षेत्रों से भी खिलाड़ी पहुंचते थे।
जुए के खेल को लेकर एक पूर्व जनसेवा केंद्र संचालक के संरक्षण की भी चर्चा है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की कार्रवाई के बाद अब इस बात को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं कि यदि जुआ लंबे समय से चल रहा था तो इसकी भनक पुलिस तक पहले क्यों नहीं पहुंची?
इधर, पकड़े गए दोनों आरोपितों को छुड़ाने के लिए कुछ लोगों के सक्रिय होने की भी चर्चा है। हालांकि पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या पुलिस की कार्रवाई केवल दो लोगों तक सीमित रहेगी या जुए के पूरे नेटवर्क और कथित संरक्षण देने वालों तक भी जांच पहुंचेगी? यदि लंबे समय से लाखों के दांव लगाए जा रहे थे तो इस खेल के पीछे कौन लोग सक्रिय थे, इसकी जांच अहम मानी जा रही है।




