Lakhimpur kheri news : गन्ने के खेत में मिला युवक का गला कटा शव, हत्या से इलाके में सनसनी
प्रेम प्रसंग की आशंका, पूछताछ के लिए पत्नी हिरासत में

AI जेनरेटेड फोटो
lakhimpur kheri
8:39 PM, November 18, 2026
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
पलिया कलां (खीरी)। संपूर्णानगर थाना क्षेत्र के ग्राम घोला स्थित निषाद नगर में बुधवार सुबह गन्ने के खेतों के बीच चकरोड पर एक युवक का गला कटा शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। मृतक की पहचान हरेंद्र कुमार (पुत्र पन्ना लाल), निवासी निषाद नगर के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मृतक की पत्नी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
मृतक के पिता पन्ना लाल के अनुसार, मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे हरेंद्र घर में बिस्तर पर लेटा हुआ था। इसी दौरान उसे घर में किसी के मौजूद होने की आहट सुनाई दी। जब वह टॉर्च लेकर बाहर निकले तो एक संदिग्ध व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। इसके कुछ देर बाद करीब पौने नौ बजे हरेंद्र की पत्नी घर से बाहर निकली और उसके पीछे हरेंद्र भी चला गया। मृतक की मां ने बहू के साथ एक अन्य व्यक्ति को भी जाते हुए देखने की बात बताई। इसके बाद रातभर दोनों का कोई पता नहीं चला।
बुधवार सुबह ग्रामीण जब खेतों की ओर गए तो घर से करीब 500 से 600 मीटर दूर गन्ने के खेतों के बीच चकरोड पर हरेंद्र का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। युवक का गला धारदार हथियार से रेता गया था। घटना की सूचना ग्राम प्रधान ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही संपूर्णानगर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
वहीं, रातभर लापता रही मृतक की पत्नी बुधवार सुबह करीब सात बजे आजाद नगर घोला स्थित अपने एक रिश्तेदार के घर पहुंची। वहां मौजूद शिवनारायण नामक व्यक्ति ने इसकी सूचना निषाद नगर के ग्रामीणों को दी। जानकारी मिलने पर पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के बाद ही हत्या के कारणों तथा घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।




