Shahjahanpur news : चार माह पुराने महिला हत्या कांड का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने चार माह पुराने महिला हत्या कांड का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

shahjahanpur
7:42 PM, June 26, 2026
राहुल शुक्ला ब्यूरो
शाहजहांपुर। थाना सेहरामऊ दक्षिणी पुलिस ने चार माह पुराने महिला हत्या कांड का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, प्रेम संबंधों को लेकर उत्पन्न विवाद के चलते महिला की हत्या की गई थी।
जानकारी के अनुसार, 20 फरवरी 2026 को ग्राम बरेंग निवासी रामनिवास ने थाना सेहरामऊ दक्षिणी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी पत्नी चन्द्रावती को गांव का ही मिठ्ठूलाल अपने साथ ले गया है। मामले में पुलिस ने गुमशुदगी और अपहरण संबंधी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान 28 मार्च 2026 को ग्राम बरेंग स्थित एक खेत से मानव कंकाल बरामद हुआ। कपड़ों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उसकी पहचान लापता महिला चन्द्रावती के रूप में की गई। इसके बाद पुलिस ने हत्या सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की गहन विवेचना शुरू की।
पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई के तहत आरोपी की तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में 26 जून 2026 की सुबह पुलिस ने आरोपी मिठ्ठूलाल को बरेंग रोड क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर मृतका के मोबाइल फोन के टूटे हुए हिस्से भी बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह और मृतका एक साथ गाना-बजाने का कार्य करते थे, जिसके दौरान दोनों के बीच निकटता बढ़ी। दोनों पहले से विवाहित थे। आरोपी के अनुसार, इस संबंध को लेकर उसके परिवार में लगातार विवाद होते थे और इसी बात को लेकर दोनों के बीच तनाव बढ़ गया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने स्वीकार किया कि जनवरी माह में एक कार्यक्रम के दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद उसने महिला की हत्या कर शव को खेत में फेंक दिया। घटना के बाद शक से बचने के लिए उसने मृतका के मोबाइल फोन का उपयोग कर कुछ लोगों से संपर्क भी किया और बाद में मोबाइल को नष्ट कर दिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।




