Shahjahanpur news : लगातार बारिश से किसानों की खरीफ फसलों को भारी नुकसान
पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश से किसानों की खरीफ की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है।

sonbhadra
5:10 PM, September 27, 2026
- धान की फसल खेतों में गिरी, गन्ने को भी हुआ नुकसान; किसान चिंतित
राहुल शुक्ला ब्यूरो
खुटार, शाहजहांपुर। क्षेत्र में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश से किसानों की खरीफ की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। लगातार बारिश और तेज हवाओं के चलते कई किसानों की धान की तैयार फसल खेतों में गिर गई है। गिरी हुई फसल के ऊपर बारिश का पानी भर जाने से उसके खराब होने की आशंका बढ़ गई है। वहीं खेतों में खड़ी गन्ने की फसल भी कई स्थानों पर गिर गई है, जिससे किसानों को काफी नुकसान होने की संभावना है। किसानों का कहना है कि इस समय धान की फसल पकने की कगार पर है, ऐसे में बारिश से फसल गिरने के कारण कटाई में भी परेशानी होगी और उत्पादन प्रभावित हो सकता है। लगातार बारिश के चलते खेतों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। किसानों ने प्रशासन से प्रभावित फसलों का सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।




