Shahjahanpur news : खेत के चारों ओर बिछे करंट वाले तार से, किसान की मौत
गांव नरौठा देवीदास में गुरुवार सुबह करंट लगने से 52 वर्षीय किसान शमशुल हसन की दर्दनाक मौत हो गई।

shahjahanpur
3:44 PM, August 6, 2026
राहुल शुक्ला ब्यूरो
– खेत में घास लेने गए शमशुल हसन करंट की चपेट में आए, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा
खुटार, (शाहजहांपुर)। थाना क्षेत्र के गांव नरौठा देवीदास में गुरुवार सुबह करंट लगने से 52 वर्षीय किसान शमशुल हसन की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
परिजनों के अनुसार, शमशुल हसन गुरुवार सुबह करीब साढ़े छह बजे जानवरों के लिए घास लेने छापाबोझी मार्ग स्थित अपने खेत पर गए थे। आरोप है कि पड़ोसी खेत के चारों ओर लोहे के तार खींचे गए थे, जिनमें बिजली का करंट प्रवाहित किया गया था। इसी दौरान वह तार की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
ग्रामीणों के बीच यह भी चर्चा है कि खेतों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से अर्थिंग के जरिए तारों में करंट छोड़ा गया था। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और तकनीकी रिपोर्ट के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ की। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।




