Shahjahanpur news : पंखे का तार बना मौत का फंदा, करंट ने छीन ली युवक की जिंदगी
नगर के मोहल्ला पश्चिमीगड़ी में शनिवार सुबह बिजली का करंट एक परिवार पर कहर बनकर टूट पड़ा। घर में पंखे का तार ठीक करते समय 38 वर्षीय डब्लू मिश्रा करंट की चपेट में आ गए।

sonbhadra
7:49 PM, August 29, 2026
राहुल शुक्ला ब्यूरो
-- घर में पंखा ठीक करते वक्त हुआ हादसा, बचाने की उम्मीद में अस्पताल-दर-अस्पताल भटकते रहे परिजन; छह माह के मासूम के सिर से उठा पिता का साया
खुटार शाहजहांपुर । नगर के मोहल्ला पश्चिमीगड़ी में शनिवार सुबह बिजली का करंट एक परिवार पर कहर बनकर टूट पड़ा। घर में पंखे का तार ठीक करते समय 38 वर्षीय डब्लू मिश्रा करंट की चपेट में आ गए। गंभीर रूप से झुलसे डब्लू को बचाने के लिए परिजन इधर-उधर दौड़ते रहे, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।
मोहल्ला पश्चिमीगड़ी निवासी डब्लू मिश्रा पुत्र स्वर्गीय कौशल मिश्रा सुबह करीब 8:30 बजे घर में पंखे का तार ठीक कर रहे थे। इसी दौरान अचानक तार में दौड़ रहे करंट की चपेट में आने से वह अचेत होकर गिर पड़े। परिजन आनन-फानन में उन्हें निजी चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
मौत की खबर मानने को तैयार नहीं था परिवार
डब्लू की मौत की बात सुनकर परिजन सदमे में आ गए। उन्हें उम्मीद थी कि शायद उनकी जिंदगी बचाई जा सकती है। इसी उम्मीद में परिजन उन्हें सीएचसी खुटार लेकर पहुंचे। इसके बाद करीब एक घंटे तक उन्हें रेत में दबाकर रखने का प्रयास किया गया। हालत में कोई सुधार न होने पर परिजन उन्हें शाहजहांपुर के निजी चिकित्सक के पास भी लेकर पहुंचे, लेकिन वहां भी चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
आखिरकार जिंदगी बचाने की सारी उम्मीदें टूट गईं और परिजन शाम करीब पांच बजे शव लेकर घर लौटे।
मौत की खबर सुनते ही भाई हुआ बेसुध
डब्लू की मौत की खबर मिलते ही उनके बड़े भाई कमल मिश्रा बेसुध हो गए। घर में चीख-पुकार मच गई। पत्नी नीरज देवी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद मोहल्ले में भी मातम पसरा रहा।
छह माह के मासूम के सिर से उठा पिता का साया
डब्लू अपने पीछे पत्नी नीरज देवी और महज छह माह के बेटे को छोड़ गए हैं। मासूम अभी पिता की उंगली थामकर चलना भी नहीं सीख पाया था कि हादसे ने उसके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए छीन लिया।
एक पंखे का तार ठीक करने की कोशिश पूरे परिवार पर ऐसी भारी पड़ी कि कुछ ही पलों में घर की खुशियां मातम में बदल गईं।
थाना प्रभारी बोले—तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई
इस संबंध में थाना प्रभारी अरविन्द कुमार ने बताया कि अभी तक घटना के संबंध में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।




