Shahjahanpur news : बहू से जमीनी विवाद में सास ने एसडीएम कार्यालय के सामने आत्मदाह का किया प्रयास, अधिकारियों की तत्परता से बची जान
पारिवारिक जमीनी विवाद से परेशान एक वृद्ध महिला ने गुरुवार को उपजिलाधिकारी (एसडीएम) कार्यालय के सामने अपने ऊपर तेल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया।

shahjahanpur
7:56 PM, July 30, 2026
राहुल शुक्ला ब्यूरो
पुवायां, (शाहजहांपुर)। पारिवारिक जमीनी विवाद से परेशान एक वृद्ध महिला ने गुरुवार को उपजिलाधिकारी (एसडीएम) कार्यालय के सामने अपने ऊपर तेल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर मौजूद कर्मचारियों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से महिला को बचा लिया गया। बाद में पुलिस ने महिला को अपनी अभिरक्षा में लिया, जबकि एसडीएम ने तत्काल राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर मामले के निस्तारण के निर्देश दिए।
क्षेत्र के गांव दियुरिया निवासी चित्रा देवी पत्नी शिवदेव का आरोप है कि करीब एक वर्ष पहले उनके बेटे की मृत्यु हो गई थी। इसके बाद उनकी बहू ने परिवार की पूरी कृषि भूमि पर कब्जा कर लिया और उन्हें तथा उनके पति को खेती की आय से वंचित कर दिया। महिला का कहना है कि उसके पति के नाम करीब साढ़े तीन एकड़ भूमि दर्ज है, जिसमें से वह आधी जमीन अपने पास रखना चाहती हैं और शेष बहू को देने के लिए तैयार हैं, लेकिन बहू किसी भी प्रकार का बंटवारा नहीं होने दे रही है।
पीड़िता का आरोप है कि बहू ने पूरी जमीन गांव के ही एक व्यक्ति को ठेके पर दे रखी है और ठेके की पूरी रकम स्वयं ले रही है। वृद्ध दंपती बीमारी से जूझ रहे हैं और इलाज व भरण-पोषण के लिए अपने हिस्से की जमीन चाहते हैं, लेकिन उन्हें कोई लाभ नहीं मिल रहा।
महिला ने बताया कि वह कई बार एसडीएम और पुलिस से न्याय की गुहार लगा चुकी हैं। उनके अनुसार, एसडीएम के निर्देश के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ और पूरी जमीन पर धान की रोपाई करा दी गई। लगातार अनदेखी से आहत होकर उन्होंने आत्मदाह जैसा कदम उठाने का प्रयास किया।
उपजिलाधिकारी ने बताया कि मामला किसी बाहरी व्यक्ति से नहीं, बल्कि परिवार के भीतर सास-बहू के बीच चल रहे भूमि विवाद का है। बहू की ओर से वसीयत के आधार पर दावा करते हुए न्यायालय में मुकदमा दायर किया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर दी गई है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई कर विवाद के समाधान का प्रयास किया जा रहा है।




