शाहजहांपुर। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में विकासखंड पुवायां अंतर्गत ग्राम डूड़ा में पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी, पुवायां विधायक चेतराम, एमएलसी डॉ0 सुधीर गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्ण चंद्र मिश्रा एवं जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष डीपीएस राठौर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगणों की उपस्थिति में जन चौपाल का आयोजन किया है। जन चौपाल में जिलाधिकारी ने ग्राम में कराए गए विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं से ग्रामीणों को मिल रहे लाभों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि पंचायत घरों की दीवारों पर ग्राम स्तरीय अधिकारियों के नाम, मोबाइल नंबर एवं उपस्थिति का दिन वॉल पेंटिंग के माध्यम से प्रदर्शित किए जाएं। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से पंचायत सचिव, पंचायत सहायक, लेखपाल एवं सफाईकर्मी की नियमित उपस्थिति के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने बताया कि आरसी सेंटर के संचालन के पश्चात सभी घरों से डोर-टू-डोर कूड़ा उठान की सुविधा ₹50 प्रति माह प्रति परिवार शुल्क पर उपलब्ध कराई जाएगी, जिसमें सभी ग्रामीण सहयोग करें। उन्होंने निर्देश दिए कि सामुदायिक शौचालय नियमित रूप से खुले रहें एवं स्वच्छता बनी रहे। किसी भी शौचालय में ताला न लगाया जाए। खंड शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि विद्यालय में सभी बच्चे नियमित रूप से उपस्थित हों, कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। संचारी रोग अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी ने एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं से कार्यों की जानकारी ली तथा निर्देशित किया कि गांव में स्वच्छता बनाए रखने हेतु जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत जिलाधिकारी ने बताया कि सरकार द्वारा ₹5 लाख तक का बिना ब्याज लोन दिया जा रहा है, जिसमें ₹50,000 की सब्सिडी भी शामिल है। यह लोन 4 वर्षों में चुकाने पर पुनः ₹10 लाख तक का ब्याजमुक्त लोन प्राप्त किया जा सकता है। इस योजना के पात्र युवाओं की आयु 21 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। रोजगार सेवकों को निर्देशित किया गया कि वे गांव में जाकर युवाओं से आवेदन कराएं। जिलाधिकारी ने बताया कि गर्भवती महिलाओं को माह की 1, 9, 16 एवं 24 तारीख को संबंधित सरकारी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क कर क्यूआर कोड प्राप्त कर प्राइवेट अस्पताल में निःशुल्क अल्ट्रासाउंड सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अतिरिक्त, 70 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के आयुष्मान कार्ड पंचायत सहायक के माध्यम से पंचायत घरों में बनाए जा सकते हैं, जिसके तहत ₹5 लाख तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध है। पंचायत सहायक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक पंचायत घर में उपस्थित रहें।