Shahjahanpur news : कचहरी के बंदीगृह में बंदी का शव फंदे से लटका मिला, मचा हड़कंप
बंदीगृह के शौचालय में एक बंदी का शव फंदे से लटका मिलने से अफरा-तफरी मच गई।

shahjahanpur
6:57 PM, October 16, 2026
राहुल शुक्ला ब्यूरो
शाहजहांपुर। शाहजहांपुर जिले में कचहरी परिसर स्थित बंदीगृह के शौचालय में एक बंदी का शव फंदे से लटका मिलने से अफरा-तफरी मच गई। मृतक की पहचान दीपक के रूप में हुई है, जो पुवायां थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। वह पॉक्सो एक्ट से जुड़े एक मामले में आरोपी था और न्यायालय में पेशी के लिए कचहरी लाया गया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे दीपक बंदीगृह के शौचालय में गया था। काफी देर तक बाहर नहीं निकलने पर लोगों को संदेह हुआ। बाद में शौचालय के भीतर उसका शव फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिसर में हड़कंप मच गया।
सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि घटना से पहले बंदी को न्यायालय में पेश किया गया था या नहीं। बंदीगृह के भीतर हुई इस घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।




