Shahjahanpur news : खुटार में चोरी की वारदातों से बढ़ी चिंता, एक माह से अधिक समय में कई घटनाएं, ताजा मामला कॉस्मेटिक खोखे का
नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

shahjahanpur
8:34 PM, July 21, 2026
खुटार, शाहजहांपुर। नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पिछले करीब डेढ़ माह के दौरान कई स्थानों पर चोरी की वारदातें हुई हैं, जिनमें नकदी, आभूषण और अन्य सामान चोरी होने की शिकायतें दर्ज कराई गई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अधिकांश मामलों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है।
ताजा घटना सोमवार रात की बताई जा रही है। नगर की मुख्य बाजार में स्थित एक कॉस्मेटिक के खोखे को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। आरोप है कि खोखे का ताला/ढांचा तोड़कर उसमें रखा सामान चोरी कर लिया गया। पीड़ित रामकृष्ण पुत्र पुत्तूलाल, निवासी पटवा वार्ड, ने बताया कि लगभग 10 हजार रुपये मूल्य का सामान चोरी हुआ है। उन्होंने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
इससे पहले भी क्षेत्र में कई चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। 17 जून को थाने के सामने स्थित एक किराना खोखे से सामान चोरी हुआ था। 20 जून को गांधीनगर निवासी वाहिद अली के घर से नकदी और आभूषण चोरी होने की घटना दर्ज हुई। 8 जुलाई को रामपुर क्ला क्षेत्र की एक दुकान और पूरनपुर मार्ग स्थित एक ढाबे में चोरी की वारदातें हुईं। उसी रात चांदपुर गांव में एक घर को भी चोरों ने निशाना बनाया। 16 जुलाई को हरिहरपुर गांव में एक मकान से नकदी और अन्य सामान चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी।
लगातार हो रही इन घटनाओं को लेकर क्षेत्रीय नागरिकों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी करने और लंबित मामलों का शीघ्र खुलासा करने की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि सभी मामलों की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।




