Shahjahanpur news : बहन को समझाने पहुंचे भाई से भी मारपीट का आरोप, पति-सास समेत तीन के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज
पारिवारिक विवाद को लेकर महिला के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। महिला के भाई की तहरीर पर पुलिस ने उसकी बहन के पति, सास समेत अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Ai जेनरेटेड फोटो
shahjahanpur
4:05 PM, September 11, 2026
राहुल शुक्ला ब्यूरो
खुटार/शाहजहांपुर। थाना खुटार क्षेत्र के ग्राम रौतापुर में पारिवारिक विवाद को लेकर महिला के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। महिला के भाई की तहरीर पर पुलिस ने उसकी बहन के पति, सास समेत अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में विमल कुमार मिश्रा पुत्र रमेश चन्द्र मिश्रा, निवासी रामनगर कॉलोनी थाना बंडा, ने बताया कि उसकी बहन अंजली देवी की शादी नवीन कुमार मिश्रा पुत्र मुनीश कुमार मिश्रा, निवासी ग्राम रौतापुर, थाना खुटार के साथ हुई है।
आरोप है कि शादी के बाद से ही नवीन मिश्रा और उसकी मां गीता देवी पत्नी मुनीश कुमार मिश्रा अंजली देवी के साथ आए दिन गाली-गलौज और विवाद करते थे। इसकी जानकारी अंजली ने अपने भाई और पिता को दी। आरोप है कि भाई और पिता ने कई बार नवीन व उसकी मां को समझाने के साथ पंचायत के माध्यम से भी मामला सुलझाने का प्रयास किया, लेकिन विवाद बंद नहीं हुआ।
तहरीर के अनुसार, 24 जुलाई 2026 की शाम करीब पांच बजे अंजली देवी अपने घर पर काम कर रही थीं। इसी दौरान उनके पति नवीन मिश्रा घर आए और किसी बात को लेकर गाली-गलौज करने लगे। अंजली द्वारा विरोध करने पर नवीन ने कथित रूप से उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच नवीन की मां गीता देवी भी मौके पर पहुंच गईं। आरोप है कि नवीन, गीता देवी और अंजली के पिता मुनीश कुमार मिश्रा ने मिलकर अंजली के साथ मारपीट की।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मारपीट के दौरान नवीन ने लोहे की सरिया से अंजली के पैर पर प्रहार किया, जिससे पैर में चोट लगी। वहीं गीता देवी द्वारा डंडे से मारने का भी आरोप लगाया गया है। तहरीर में गीता देवी द्वारा अंजली को जान से मारने की धमकी दिए जाने की बात भी कही गई है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, अंजली की ननद शालिनी देवी तथा उसकी पत्नी आशू मिश्रा पर भी घर में क्लेश कराने और अंजली को घर से निकलवाने में साथ देने के आरोप लगाए गए हैं। जानकारी मिलने पर विमल कुमार मौके पर पहुंचा और आरोपियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि उसके साथ भी गाली-गलौज और मारपीट की गई।
तहरीर में कहा गया है कि आरोपित पक्ष द्वारा अंजली देवी को पहले भी जान से मारने की धमकी दी जा चुकी है और उन्हें घर से निकालने के प्रयास किए गए। अंजली के दो बच्चे होने तथा उसके काफी परेशान होने का भी उल्लेख शिकायत में किया गया है।
विमल के मुताबिक वह 24 जुलाई को अपनी बहन को अपने घर ले आया, जबकि 28 जुलाई 2026 को उसका इलाज कराया गया, जिसमें पैर टूटने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।




