Shahjahanpur news : दो लाख की वसूली के आरोप में खाकी पर बड़ा दाग !
सर्राफा व्यापारी से दो लाख रुपये की कथित वसूली के मामले ने पुलिस महकमे में सनसनी फैला दी है।

shahjahanpur
8:48 PM, September 6, 2026
जनपद न्यूज़ ब्यूरो
--- सर्राफा व्यापारी को मादक पदार्थ के झूठे केस में फंसाने की धमकी देने का आरोप, दो सिपाही गिरफ्तार; दो फरार
शाहजहांपुर। सर्राफा व्यापारी से दो लाख रुपये की कथित वसूली के मामले ने पुलिस महकमे में सनसनी फैला दी है। चार पुलिसकर्मियों पर व्यापारी को झूठे मादक पदार्थ तस्करी के मुकदमे में फंसाकर जेल भेजने की धमकी देने का आरोप लगा है। मामले में पुलिस ने दो कांस्टेबलों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो अन्य की तलाश में टीमें लगाई गई हैं। चारों आरोपी पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
आरोप है कि चार सितंबर की रात सादे कपड़ों में चार पुलिसकर्मियों ने सर्राफा व्यापारी सुंदरम क्षत्रिय को फोन कर कुछ जानकारी लेने के बहाने सरैया मोड़ पर बुलाया। वहां उसका मोबाइल कब्जे में लेने के बाद कथित तौर पर उसकी गाड़ी में मादक पदार्थ रख दिया गया। इसके बाद उसे तस्करी के मुकदमे में जेल भेजने की धमकी दी गई।
व्यापारी ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और फिर उसके पिता से फोन पर दो लाख रुपये मंगवाए गए। रकम मिलने के बाद उसे देर रात करीब 1:30 बजे छोड़ दिया गया। घर पहुंचकर व्यापारी ने परिजनों को घटना की जानकारी दी और मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के बाद अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराई। जांच में पुलिसकर्मियों की भूमिका सामने आने के बाद व्यापारी की तहरीर पर थाना परशुरामपुरी में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक देवेंद्र सिंह के अनुसार कांस्टेबल वीरेंद्र और पंकज को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं कांस्टेबल अरुण चितौड़िया और सुभाष की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं। पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने चारों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।
मामले में एक अज्ञात व्यक्ति की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




